खगड़ियाः राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर धंसने लगा एक और पुल, परिचालन प्रतिबंध, गंडक नदी पर 15.50 करोड़ की लागत से बना था
By एस पी सिन्हा | Published: July 20, 2023 05:29 PM2023-07-20T17:29:54+5:302023-07-20T17:32:42+5:30
गंडक नदी पर 15.50 करोड़ की लागत से बने फोर लेन पुल के बीच के ऊपरी भाग के एक हिस्से में धीरे-धीरे धंसान होने लगी है। इस घटना के बाद अगुवानी पुल के धंसने की यादें ताजा होने लगी हैं।
पटनाः बिहार में पुलों के धंसने का सिलसिला खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। खगड़िया जिले में अगुवानी पुल ध्वस्त होने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि खगड़िया में ही राष्ट्रीय पथ-31 पर बना नव निर्मित पुल धसने लगा है। पुल में दरार की खबर सामने आने के बाद से हड़कंप मच गया है।
गंडक नदी पर 15.50 करोड़ की लागत से बने फोर लेन पुल के बीच के ऊपरी भाग के एक हिस्से में धीरे-धीरे धंसान होने लगी है। इस घटना के बाद अगुवानी पुल के धंसने की यादें ताजा होने लगी हैं। फिलहाल स्थानीय पुलिस ने पुल के धंसान वाले हिस्से की तरफ वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है।
बताया जाता है कि पुंज लोयल पुल निर्माण कंपनी साल 2017 से पुल बना रही थी, जिसका निर्माण कार्य 2023 में पूरा हुआ। पुल के निर्माण कार्य के बाद अप्रैल 2023 में टेस्टिंग के लिए पुल को आमलोगों के लिए शुरू कर दिया गया, लेकिन कुछ ही महीनों में इस पुल में धंसान की खबर आने लगी है।
पुल में हो रहे धसान से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय पुलिस ने पुल के धसान वाले हिस्से के तरफ वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दिया है। यह पुल खगड़िया को न केवल पटना समेत के कई बड़े शहरों से जोड़ती है बल्कि उत्तर बिहार को पूर्वोत्तर के कई राज्यों को जोड़ती है।