Godda: सड़क पर बने गड्ढे में नहाने लगीं कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय, कहा- परिवहन मंत्री गडकरी से आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा
By एस पी सिन्हा | Published: September 21, 2022 04:22 PM2022-09-21T16:22:46+5:302022-09-21T16:23:36+5:30
Godda News: झारखंड के गोड्डा से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग-133 के मेहरमा पिरोजपुर सिंधु कान्हू चौक पर सड़क की स्थिति को लेकर विधायक दीपिका पांडेय काफी नाराज हैं।
रांचीः झारखंड के सियासी गलियारे से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां कांग्रेस पार्टी की महिला विधायक दीपिका पांडेय बीच सड़क पर गंदे पानी से नहाने लग गई। दरअसल, गोड्डा से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग-133 के मेहरमा पिरोजपुर सिंधु कान्हू चौक पर सड़क की स्थिति को लेकर विधायक दीपिका पांडेय काफी नाराज हैं।
उनका कहना है कि सडक खराब होने के कारण यहां लगातार दुर्घटना होती रहती है। लेकिन, विभाग इस सड़क की मरम्मती नहीं करा रहा है। ऐसे में एनएच की दुर्दशा के खिलाफ बुधवार की सुबह महागामा की कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह बीच सड़क पर धरने पर बैठ कीचड़ में नहाने लगीं।
विधायक ने कहा कि जबतक सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो जाता, तब तक वह यहां से नहीं हिलेंगी। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से आश्वासन नहीं मिलता है, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान विधायक के समर्थकों ने मेहरमा-पीरपैंती रेलवे स्टेशन और पिरोजपुर- भगैया तथा पिरोजपुर महागामा सड़क को भी जाम कर दिया।
आंदोलन की वजह से इन रूटों पर आवागमन प्रभावित हुआ। बताया जाता है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि सडक के बीचोबीच तालाब बन गया है। दीपिका पांडेय ने कहा कि लंबे समय से एनएच प्रबंधन सिर्फ आश्वासन दे रही है, लेकिन काम शुरू तक नहीं हुआ है।
इस समय सडक तालाब बना हुआ है। एनएच प्रबंधन के खिलाफ विधायक धरना पर बैठ गईं। धरने के दौरान उन्हौने उस जर्जर सड़क पर बने गड्ढे में जमा पानी में लोटा लेकर स्नान करने लगीं। उसके बाद लोगों की भीड़ वहां जुट गई। विधायक के इस अनोखा विरोध की चर्चा हर तरफ हो रही है।