बिहार: साइकिल से जा रही छात्राओं को कार चालक ने मारी टक्कर, कैमरे में कैद हुआ हादसे का भयानक वीडियो
By अंजली चौहान | Published: June 6, 2023 04:26 PM2023-06-06T16:26:25+5:302023-06-06T16:28:16+5:30
बिहार के बेतिया में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिसमें करीब सात छात्राएं जख्मी हो गई हैं और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है।
बेतिया: बिहार के बेतिया में सड़क दुर्घटना का एक ऐसा दर्दनाक वीडियो सामने आया जिसे देख आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। इस भयानक हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर कई स्कूली छात्राएं साइकिल के द्वारा सफर कर रही हैं तभी पीछे से एक तेज रफ्तार बोलेरो कार आकर इन्हें इतनी जोर से टक्कर मारती है कि साइकिल के परखच्चे उड़ जाते हैं और छात्राएं दूर जाकर गिर जाती हैं। इस हादसे में एक- दो नहीं बल्कि कई छात्राएं गंभीर रूप से जख्मी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, ये छात्राएं साइकिलों पर सवार होकर कोचिंग क्लास के लिए जा रही थीं। गौरतलब है कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना मंगलवार सुबह बेतिया-लौरिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। हादसे में सात छात्राएं और सड़क पर चल रहा एक व्यक्ति घायल हो गया।
आगे ही नहीं पीछे भी...!सड़क पर अपने लेन में तो चले ही लेकिन ऐसा लग रहा है कि आगे के साथ पीछे भी देखना होगा.कार और बाकी वाहनों के चालक तो देखते भी हैं लेकिन अब साइकिल वालों को भी देखना होगा.. लड़कियां अपने लेन में जा रही थीं और पीछे से बोलेरो ने उड़ा दिया.. बेतिया का वीडियो... pic.twitter.com/3YPthqvCV4
— Prakash Kumar (@kumarprakash4u) June 6, 2023
कई छात्राओं की हालत गंभीर
प्रेस जनरल की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे का शिकार हुई एक छात्रा कार के बोनट पर गिर गई और हादसे से लगभग 20 फीट दूरी तक वह घसीटती रही और गिर गई। इस दौरान सड़क किनारे पैदल चल रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार वाहन से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में आठ घायलों को बहुत गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद आनन-फानन में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल घायलों को इलाज बेतिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस के अनुसार, गाड़ी चला रहा शख्स एक बारात से लौट रहा था। उसी दौरान यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बोलेरो चालक को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।