बाबा का ढाबा वाले कांता प्रसाद का एक और वीडियो वायरल, इस बार बदले-बदले से नजर आए सुर, जानिए क्या बोले
By अभिषेक पारीक | Published: June 12, 2021 07:53 PM2021-06-12T19:53:36+5:302021-06-12T20:00:57+5:30
बाबा का ढाबा के मालिक कांता प्रसाद एक बार फिर से सुर्खियों में आ गए हैं। पहले लॉकडाउन के बाद सोशल मीडिया पर छाए कांता प्रसाद ने मालवीय नगर में रेस्टोरेंट खोला था।
बाबा का ढाबा के मालिक कांता प्रसाद एक बार फिर से सुर्खियों में आ गए हैं। पहले लॉकडाउन के बाद सोशल मीडिया पर छाए कांता प्रसाद ने मालवीय नगर में रेस्टोरेंट खोला था। हालांकि रेस्टोरेंट अब बंद हो चुका है और अब वे अपने ढाबे पर लौट आए हैं।
सोशल मीडिया पर एक बार फिर कांता प्रसाद का वीडियो वायरल हो गया है। इस बार उन्होंने यू-ट्यूबर गौरव वासन से माफी मांगी है। गौरव ने ही अक्टूबर 2020 में उनके ढाबे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था और उसके बाद बाबा चर्चा में आ गए थे। यहां तक की लोगों ने उनकी आर्थिक मदद की थी और बड़ी संख्या में लोग उनके ढाबे में खाना खाने आने लगे थे।
वह लड़का चोर नहीं था
अब वायरल हो रहे वीडियो में बाबा गौरव वासन को लेकर कह रहे हैं कि वह लड़का चोर नहीं था। हमने कभी भी उसे चोर नहीं कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि हमसे एक चूक हुई है, हम इसके लिए क्षमा मांगते हैं। जनता जनार्दन से कहते हैं कि अगर कोई गलती हुई हो तो हमें माफ करें।
गौरव वासन के खिलाफ मामला दर्ज कराया था
आपको बता दें कि कांता प्रसाद ने पैसों की धोखाधड़ी को लेकर के यूट्यूबर गौरव वासन के खिलाफ पुलिस में मामला तक दर्ज करा दिया था। हालांकि गौरव वासन ने इंस्टाग्राम पर सिर्फ करमा लिखा है। बताया जा रहा है कि बाबा को लोगों द्वारा करीब 40 लाख रुपए की सहायता मुहैया कराई गई थी। जिसके बाद उन्होंने मालवीय नगर में पांच लाख रुपए लगाकर एक रेस्टोरेंट खोला लेकिन घाटा होने के बाद बंद कर दिया।