googleNewsNext

Weather Update: अचानक गिरा पारा, ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड Delhi-NCR में 3°C श्रीनगर में -7.8°C, पांच राज्यों में Orange Alert

By गुणातीत ओझा | Published: January 13, 2021 09:32 PM2021-01-13T21:32:58+5:302021-01-13T21:33:41+5:30

उत्तर भारत का हर राज्य इस वक्त कड़कड़ाती सर्दी में ठिुठर रहा है। बारिश, कोहरा और शीत लहर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग ने यूपी पंजाब समेत पांच राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Orange Alert
ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड दिल्ली में 3°C श्रीनगर में -7.8°C

उत्तर भारत का हर राज्य इस वक्त कड़कड़ाती सर्दी में ठिुठर रहा है। बारिश, कोहरा और शीत लहर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग ने यूपी पंजाब समेत पांच राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, हरियाणा में 1.4 डिग्री सेल्सियस, पंजाब (अमृतसर) में 3.5 डिग्री सेल्सियस, राजस्थान में 0.2 डिग्री सेल्सियस (गंगानगर), यूपी (बरेली) में 3.8 डिग्री सेल्सियस, मध्यप्रदेश में 3.8 डिग्री सेल्सियस (उमरिया) और बिहार (पटना) में 1.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

उत्तर भारत में सर्दी का सितम बीते लगभग एक सप्ताह से जारी है। अभी इससे राहत मिलने की भी कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। देश की राजधानी दिल्ली को अभी सर्दी की और मार झेलनी पड़ेगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 16 जनवरी तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राजधानी सुबह घने कोहरे में लिपटी नजर आई। विजय चौक, इंडिया गेट और संसद के आस-पास काफी धुंध देखने को मिली। राजधानी में मंगलवार को भी सुबह के समय मध्यम कोहरा दर्ज किया गया था, जबकि दृश्यता 400 मीटर तक गिर गई थी। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते उत्तर-पश्चिमी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। साफ आसमान से रात में भी ठंड बढ़ गई है।

श्रीनगर में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड
पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है। हिमाचल प्रदेश के केलांग और काल्पा में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है तो वहीं कश्मीर में डल झील जम चुकी है और श्रीनगर में ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए यहां कल मंगलवार को पारा -7.8 डिग्री तक पहुंचा गया। मौसम विभाग ने कहा है कि हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर में बर्फबारी का दौर यूं ही जारी रहेगा और लोगों को ठंड का सामना करना पड़ेगा। मसूरी और हिमाचल में बर्फबारी का दौर जारी है।

उत्तर प्रदेश में भी गिरा पारा 
उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां भी तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। बरेली में तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाराणसी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया। वहीं कानपुर में भी घना कोहरा देखने को मिला, यहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने आज से लेकर अगले तीन दिन तक तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में तेज तूफान के साथ बारिश की आशंका व्यक्त की है। कर्नाटक के कई शहरों में आज बादल छाए हुए हैं और हल्की-हल्की बारिश हो रही है।

उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग इलाकों में आज सुबह मध्यम कोहरा देखा गया तो वहीं दूसरी ओर अमृतसर, पटियाला और अंबाला -25 मीटर दृश्यता दर्ज की गई है। तो वहीं एक बार फिर से उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। पहाड़ों की बर्फबारी से मैदानी इलाके में गलन बढ़ गई है और इस वजह से आज से लेकर अगले 7-8 दिनों तक मौसम का यही हाल रहने वाला है।

टॅग्स :मौसम रिपोर्टमौसमWeather Reportweather