ये हैं भारत की 5 सबसे लग्जरी ट्रेनें, किसी का 9 तो किसी का 7 लाख रुपये है किराया
By मेघना वर्मा | Published: April 3, 2018 12:51 PM2018-04-03T12:51:33+5:302018-04-03T14:38:21+5:30
अगर शाही ठाठ-बाट के साथ देश की यात्रा करने के शौकीन हैं और पैसे बचाने की कोई मोह-माया नहीं है, तो आपको महाराजा एक्स्प्रेस का सफर जरूर करना चाहिए।
भारतीय रेल पर सफर करना अंग्रेजी शब्द के 'सफर' करने जैसा ही फील कराता है। जनरल कोच में भारी भीड़, टूटी सीट और गंदे बाथरूम इन सभी के साथ इंडियन रेलवे में आपने भी अक्सर यात्रा की होगी, लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारतीय रेल की कुछ ऐसी ट्रेने भी हैं जिनमें सफर करना किसी राजशी ठाठ से कम नहीं है। इन ट्रेनों में ना सिर्फ आपको राजशाही सुख मिलेगा बल्कि आपके खाने और रुकने की व्यवस्था को भी शाही अंदाज में आपके सामने पेश किया जाएगा। आज हम आपको भारतीय रेल की ऐसे ही 5 ट्रेनों के बारे में बताने जा रहे हैं जिसमें आप शाही ठाठ का पूरा मजा उठा सकते हैं।
1. डेक्कन ओडिसी
वैसे तो महाराष्ट्र की सैर करने के लिए आपको कई ट्रेनें मिल जाएंगी लेकिन डेक्कन ओडिसी की बात कुछ अलग है। इस ट्रेन में 7 रात और 8 दिन का सफर तय करने के लिए यात्रियों को 4.3 लाख से 9.25 लाख तक पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से चलकर ये ट्रेन रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, गोवा, बेलगाम, कोल्हापुर, पुणे, नासिक, औरंगाबाद, अजंता-एलोरा और फिर वापस मुंबई लौटती है। 21 कोचों वाली इस ट्रेन में 12 यात्री कोच हैं। यहां आपको स्पा, लाईब्रेरी और बार तक का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा ट्रेन में टीवी, केबल कनेक्शन, सेल फोन, चैनल म्यूजिक और फॉरेन एक्चेंज जैसी कई सहूलियतें भी मिलेंगी। सात दिनों में महाराष्ट्र दर्शन करने वाली इस राजशी ट्रेन का सफर सप्ताह में बुधवार के दिन मुंबई से शुरू होता है।
2. महाराजा एक्सप्रेस
अगर शाही ठाठ-बाट के साथ देश की यात्रा करने के शौकीन हैं और पैसे बचाने की कोई मोह-माया नहीं है, तो आपको महाराजा एक्स्प्रेस का सफर जरूर करना चाहिए। यह ट्रेन दिल्ली या मुंबई से खुलकर आगरा, फतेहपुर सीकरी, ग्वालियर, रणथंबोर , वाराणसी, लखनऊ, जयपुर, बीकानेर, खजुराहो, उदयपुर स्टेशनों पर रुकती है।
ये भी पढ़ें: भारत के इन रेलवे स्टेशनों पर बने हैं सबसे ज्यादा प्लेटफॉर्म्स, देखें क्या आपका शहर है इस लिस्ट में
इस ट्रेन में सफर करने के लिए यात्रियों को 7 दिनों का 15 लाख रूपए खर्च करना पड़ सकता है। ट्रेन में यात्रियों के सोने के लिए 14 केबिन हैं। हर केबिन में फोन, एलसीडी टीवी, डीवीडी प्लेयर, इंटरनेट, इलेक्ट्रॉनिक लॉकर। हर केबिन में बाथरूम भी है। इनमें 5 डिलक्स, 6 जूनियर सूएट, 2 सूएट और एक मैजेस्टिक प्रेसिडेंशियल सूएट मौजूद है।
23 बोगियों वाले महाराजा एक्स्प्रेस में 88 लोग यात्रा कर सकते हैं। इस ट्रेन में दो रेस्टोरेंट हैं- मयूर महल और रंग महल। हर रेस्टोरेंट में 42 लोग एक साथ बैठकर खाना खा सकते हैं। यात्रियों की सुविधा और जगह के अनुसार इनका इंटीरियर भी काफी खूबसूरती से तैयार किया गया है। महाराजा एक्स्प्रेस से सफर पर निकले लोग लगभग पूरा हफ्ता ट्रेन पर बिताते हैं। इसलिए यात्रियों के लिए ट्रेन में लाउंज भी बनाया गया है। यहां आराम कुर्सी से लेकर कुछ इंडोर गेम्स की भी व्यवस्था है। ट्रेन में सफारी बार भी है। यहां दुनियाभर के मशहूर शराब यहां के मेनू में शामिल हैं।
3. द गोल्डन चेरियट
राजशी ठाठ का एहसास कराने वाली द गोल्डन चेरियट में यात्रियों की सुविधा के लिए हर वो चीजें मौजूद हैं जिनकी जरूरत उन्हें सफर के दौरान हो सकती है। खबर के मुताबिक केंद्र ने पैलेस ऑन व्हील्स, गोल्डन रथ, महाराजा एक्स्प्रेस, डेक्कन ओडिसी और रॉयल ओरिएंट जैसी लोकप्रिय ट्रेनों पर टैरिफ में कटौती करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में पैलेस ऑन व्हील्स में सात-रात का दौरा हाई सीजन के दौरान, कमरे के प्रकार के आधार पर, 363,000 से 756000 रुपए का खर्च आता है।
इस ट्रेन में आपको दो पांच सितारा होटल के साथ, एक लौंज बार, एक कांफ्रेंस हॉल, जिम और स्पा फैसिलिटी भी मिलेगी। साथ इस ट्रेन के पास इंटरनेट कनेक्टिविटी की भी भरपूर सुविधा मौजूद है।
4. रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स
राजस्थान पर्यटन एवं भारतीय रेल की नई सुपर लग्जरी ट्रेन 'रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स' का सफर आपको किसी राजा होने का अनुभव देगा। इस ट्रेन में सफर करने के लिए यात्रियों को एक हफ्ते का 7.5 लाख रूपये देना पड़ता है। इस ट्रेन में वो सभी फीचर मौजूद है जो ऊपर की ट्रेनों में आप पढ़ चुके हैं।
ये कहना शायद गलत नहीं होगा की इस ट्रेन को ट्रेन ना कहकर हम पांच या 7 सितारा होटल बुला सकते हैं। इन सभी सुविधाओं के अलावा इस ट्रेन में आपको शौपिंग करने के भी भरपूर ऑप्शन मिलेंगे। जिसमें आप बियर मग ज्वेलरी, कपड़े, हैण्ड बैग, फोटो फ्रेम्स आदि चीजें खरीद सकते हैं।
5. पैलेस ऑन व्हील
शाही जीवन शैली जैसा अनूठा अनुभव देने वाली 'पैलेस ऑन व्हील्स' में सुविधाएं भी किसी पांच सितारा होटल से कम नहीं हैं। इस पर सफर करने के लिए यात्रियों को 2 लाख प्रति रात का किराया देना पड़ता है। इसे भारतीय रेल और राजस्थान पर्यटन विकास निगम संयुक्तरूप से चला रहा है।
सैलानियों को और अधिक राजसी अनुभव कराने के लिए इस वर्ष पूर्व राजा-महाराजाओं की जीवन शैली पर शोध करवाया गया है और उसी के अनुरूप इसे तैयार किया गया है। इसमें पर्यटकों की आधुनिक सुख-सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान रखा गया है। 23 कोच की इस शाही रेलगाड़ी में 14 सैलून, एक स्पा कोच, ट्रेन के प्रत्येक सैलून में टॉयलेट एवं वाशरूम को बेहतर बनाया गया है। इसके सभी सैलूनों के नया फर्नीचर को नया रूप दिया गया है।
इसके अलावा वुडन वॉल्स, बार और लोंज एरिया को भी खास और नया लुक में तैयार किया गया है।