टीवी अभिनेत्री ने प्रोड्यूसर के भाई पर लगाया गंभीर आरोप, काम के बदले की सेक्स की डिमांड, हुआ गिरफ्तार
By अनिल शर्मा | Published: December 3, 2021 12:36 PM2021-12-03T12:36:40+5:302021-12-03T13:22:45+5:30
मुंबई के गोरेगाँव थाने में दर्ज अपनी शिकायत में अभिनेत्री ने बंटी पर साथ सोने का दबाव बनाने और अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया है
मुंबई: क्राइम पेट्रोल में काम कर चुकी अभिनेत्री स्वाति भदावे ने मराठी TV शो ‘सहकुटुम्ब सहपरिवार’ के प्रोडक्शन कंट्रोलर स्वप्निल लोखंडे (बंटी) पर काम के बदले यौन संबंध बनाने की मांग करने का आरोप लगाया है। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें इस मामले को विस्तार से रखा है। शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुंबई के गोरेगाँव थाने में दर्ज अपनी शिकायत में अभिनेत्री ने बंटी पर साथ सोने का दबाव बनाने और अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, जब भी वह उसके अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाती थी, आरोपी उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था।
महिला ने बताया कि यह घटना साल 2020 की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्वप्निल लोखंडे ने स्वाति से मोबाइल नंबर मांगा और पुणे में काम करने की बात कही। स्वाति के राजी होने पर स्वप्निल ने पूछा कि बदले में उसे क्या मिलेगा। स्वाति ने कमीशन देने की बात कही तो उसने इनकार कर दिया और काम के बदले शारीरिक संबंध बनाने की डिमांड रखी। स्वाति के मुताबिक ये मांग उनके लिए हैरान कर देने वाली थी क्योंकि उनके साथ ऐसा पहली बार हो रहा था। स्वप्निल लोखंडे को पुलिस ने आईपीसी अधिनियम की धारा 354 के तहत गिरफ्तार किया है।