अरविंद त्रिवेदी का 82 साल की उम्र में निधन, 'रामायण' सीरियल में निभाया था रावण का किरदार

By विनीत कुमार | Published: October 6, 2021 07:35 AM2021-10-06T07:35:12+5:302021-10-06T07:40:26+5:30

Arvind Trivedi Death: 'रामायण' सीरियल में रावण की भूमिका निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार आज मुंंबई में किया जाएगा।

Arvind Trivedi death Ravan of Ramayan serial dies at age of 82 | अरविंद त्रिवेदी का 82 साल की उम्र में निधन, 'रामायण' सीरियल में निभाया था रावण का किरदार

अरविंद त्रिवेदी का निधन (फाइल फोटो)

Highlightsअरविंद त्रिवेदी लंबे समय से बीमार चल रहे थे, 82 साल की उम्र में निधनअरविंद त्रिवेदी ने हिंदी और गुजराती सहित 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया।लोकसभा सदस्य भी रहे, 1991 में भाजपा के टिकट पर जीता था चुनाव

मुंबई: रामानंद सागर के मशहूर पौराणिक टीवी धारावाहिक 'रामायण' में रावण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया है। उन्होंने 82 साल की उम्र में मंगलवार रात अंतिम सांस ली। गुजराती फिल्म स्टार और पूर्व सांसद 1991 में भाजपा के टिकट से साबरकांठा सीट से लोकसभा के लिए चुने गए थे। 

अरविंद त्रिवेदी पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार आज मुंबई के दहानुकरवाड़ी श्मशाम घाट में किया जाएगा। अरविंद त्रिवेदी की मौत की खबर फैलते ही रामायण में उनके सह-कलाका रहे सुनील लहर (लक्ष्मण), दीपिका चिखलिया (सीता), अरुण गोविल (राम) और अन्य लोगों ने शोक व्यक्त किया। 

सुनील ने ट्विटर पर लिखा, 'बहुत दुखद समाचार है की हमारे सबके प्यारे अरविंद भाई (रामायण का रावण) अब हमारे बिच नहीं रहे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे... मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैंने पिता तुल्य, मेरे मार्गदर्शक, शुभचिंतक और एक सज्जन को खो दिया।'

अरविंद त्रिवेदी ने केवल रामायण ही नहीं 'विक्रम और बैताल' में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने हिंदी और गुजराती सहित 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया।

अरविंद त्रिवेदी पिछले साल फिर आए थे चर्चा में

अरविंद त्रिवेदी पिछले साल एक बार फिर तब सुर्खियों में आए जब देश में कोरोनावायरस लॉकडाउन के दौरान दूरदर्शन पर रामायण का फिर से प्रसारण शुरू हुआ।

हालांकि पिछले ही साल उनके निधन की अफवाह भी उड़ी थी। लंबी बीमारी के बीच कई और बार भी उनके मौत की अफवाह उड़ चुकी है। साल 2002 में उन्हें सेंट्रल बोर्ड फॉर फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) का एक्टिंग चेयरमैन भी बनाया गया था।

Web Title: Arvind Trivedi death Ravan of Ramayan serial dies at age of 82

टीवी तड़का से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे