ईद 2018: नहीं दिखा चांद अब शनिवार को मनाई जाएगी ईद, शाही इमाम ने किया ऐलान
By मेघना वर्मा | Published: June 15, 2018 09:29 AM2018-06-15T09:29:42+5:302018-06-15T09:29:42+5:30
ईद का त्योहार सऊदी अरब सहित इंडोनेशिया में शुक्रवार यानी 15 जून को मनाया जाएगा।
रमजान का पवित्र महीना समाप्त होने जा रहा है। ऐसे में पूरा देश ईद की तैयारियों में जुटा हुआ है। उम्मीद जताई जा रही थी कि गुरूवार को चांद दिख जाता तो शुक्रवार को ईद मनाई जाती लेकिन चांद ना दिखने के कारण अब शनिवार को धूम-धाम से ईद मनाई जाएगी। जामा मस्जिद की मरकजी रुयते हिलाल कमेटी की बैठक के बाद यह घोषणा की गई कि देश में कहीं भी चांद ना नजर आने के कारण अब शनिवार को ईद मनाई जाएगी।
ईद के दिन लोग एक-दूसरे के साथ मिलकर खुशियां बांटते हैं। ईद के मौके को ना सिर्फ मुस्लिम समुदाय बल्कि पूरा देश मनाता है। लोग एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देते हैं साथ ही इस रमजान के पवित्र महीने के लिए अल्लाह का शुक्रिया भी करते हैं। रमजान में उपवास रखकर मुस्लिम लोग अपने जीवन में संयम रखने की सीख देते हैं। साल भर मुस्लिम समुदायों को इस ईद का इंतजार रहता है। बस अब ये इंतजार खत्म देश भर में कल ईद मनाई जाएगी।
चल रही हैं जोरों से तैयारियां
देश भर में ईद को लेकर हलचल देखी जा सकती है। कपड़े की खरीददारी हो या मिठाईयों की पूरा देश इस समय की ईद की तैयारियों में जुटा है। सेवइयों की बाजार चारों ओर लगा देखा जा सकता है। गुवाहाटी और उत्तर प्रदेश के साथ पूरे देश में अलग-अलग तरह की सेवइंयां बिक रही हैं।
इंडोनेशिया और सऊदी अरब में दिखा चांद, आज मनेगी ईद
ईद का त्योहार सऊदी अरब सहित इंडोनेशिया में शुक्रवार यानी 15 जून को मनाया जाएगा। गुरुवार को शाम 3:43 बजे चांद दिखने पर यूएई की चांद देखने वाली समिति ने इस बात का आधिकारिक तौर पर ऐलान किया। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र के अनुसार शव्वल मून गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात यूएई के जबील हफीट में देखा गया। इसका मतलब यहां संभवत: शुक्रवार को ईद मनाया जाएगा।