BJP का तंज, राजस्थान सरकार का काम मौज-मस्ती और सैर सपाटा करना, गहलोत बोले- पीयूष गोयल भी सरकार गिराने में शामिल

By धीरेंद्र जैन | Published: August 3, 2020 05:46 AM2020-08-03T05:46:33+5:302020-08-03T05:46:33+5:30

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा उनकी सरकार को गिराने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त का बड़ा खेल खेल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राजस्थान में चल रहे इस ‘तमाशे’ को बंद करवाने की अपील की।

Rajasthan political crisis bjp slams congress govt on other hand cm Ashok Gehlot claim central minister for Conspiracy | BJP का तंज, राजस्थान सरकार का काम मौज-मस्ती और सैर सपाटा करना, गहलोत बोले- पीयूष गोयल भी सरकार गिराने में शामिल

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (फाइल फोटो)

Highlightsराजस्थान में सियासी उठापटक के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कई केंद्रीय मंत्री राजस्थान की कांग्रेस सरकार गिराने में लगे हैं। बीजेपी का तंज- गैर जिम्मेदाराना गहलोत सरकार पॉलिटिकल क्वारंटाइन में चली गई है, जिन्हें आमजन से कोई सरोकार नहीं है।

जयपुर:  राजस्थान में सत्ता को लेकर जारी राजनीतिक उठापटक के बीच कांग्रेस को भाजपा ने अपने निशाने पर ले लिया। रविवार (2 अगस्त) को केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र शेखावत ने गहलोत सरकार पर तंज कसते हुए ट्वीट कर कहा कि गहलोत सरकार का सार मौज-मस्ती, सैर-सपाटा, खाना-पीना, अंताक्षरी खेलना, फिल्म देखना और दूसरों की गलती निकालना है।

वहीं विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायक राजेंद्र राठौड़ ने भी गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ट्वीट किया कि राजस्थान में कोरोना संक्रमितों की संख्या 43 हजार से भी अधिक हो चुकी है। वहीं अब तक 700 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी प्रशासन का दम भरने वाली गैर जिम्मेदाराना गहलोत सरकार पॉलिटिकल क्वारंटाइन में चली गई है, जिन्हें आमजन से कोई सरोकार नहीं है। यदि सरोकार है तो अपनी सरकार बचाने से। 

धर्मेंद्र प्रधान और पीयूष गोयल समेत कई मंत्री राजस्थान की सरकार गिराने में लगे- सीएम अशोक गहलोत

राजस्थान में सियासी उठापटक के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि धर्मेंद्र प्रधान और पीयूष गोयल समेत कई मंत्री और केन्द्रीय गृह मंत्रालय राजस्थान की कांग्रेस सरकार गिराने में लगा है। भाजपा के मुंह खून लग गया है। वह कर्नाटक और मध्य प्रदेश में भी सरकार गिरा चुकी है और अब राजस्थान में भी यही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनेक छिपे रुस्तम भी लगे हुए हैं, लेकिन हमें मालूम है कि वे कौन हैं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने समर्थक विधायक के साथ (फाइल फोटो)
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने समर्थक विधायक के साथ (फाइल फोटो)

मुख्यमंत्री ने पायलट गुट के विधायकों के लौटने के सवाल पर कहा कि यह हाईकमान पर निर्भर करता है, यदि हाईकमान उन्हें माफ कर देते हैं तो मैं भी सबको गले लगा लूंगा। मेरा कोई अहम का टकराव नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र की घोषणा होते ही हॉर्स ट्रेडिंग के रेट बढ़ा दिए गए। देश में ये क्या तमाशा हो रहा है। मोदी जी देश के प्रधानमंत्री हैं। उन्हें चाहिए कि राजस्थान में जो तमाशा हो रहा है उसे बंद करवाएं। कांग्रेस में सरकार गिराने की कोशिश करने की परंपरा कभी नहीं रही।

बसपा सुप्रीमो मायावती के कोर्ट जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि मायावती बहनजी सीबीआई और ईडी के दबाव में हैं। 

Web Title: Rajasthan political crisis bjp slams congress govt on other hand cm Ashok Gehlot claim central minister for Conspiracy

राजनीति से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे