भोपालः देश के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि मध्य प्रदेश में उपचुनाव तय समय पर ही होंगे। उन्होंने संकेत दिए हैं कि रक्षाबंधन के पहले उपचुनाव की तारीखें घोषित कर दी जाएंगी।
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील आरोड़ा ने ऑनलाइन आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि मध्य प्रदेश में उपचुनाव तय समय पर ही होंगे। यानी सितंबर के अंत कर ये चुनाव होंगे। चुनाव समय पर हो यह हमारी मंशा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि संवैधानिक स्थिति को देखा जाए तो 6 माह के अंदर उपचुनाव हो जाना चाहिए।विपरीत परिस्थितियों को देखा जाए तो हम धारा 324 के तहत सरकारों से बात भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसे लेकर आयोग की एक बैठक होने वाली है, इस बैठक में कई मुददों पर चर्चा होगी, लेकिन बैठक में उपचुनाव की तारीखों को लेकर कोई चर्चा नहीं होगी। मध्य प्रदेश में उपचुनाव समय पर कराए जाएंगे। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में 26 विधानसभा क्षेत्रों पर उपचुनाव होने है।
इनमें 24 स्थानों पर कांग्रेस विधायकों के द्वारा इस्तीफा दिए जाने के कारण उपचुनाव प्रस्तावित हैं। इसके अलावा 2 सीटें जौरा से कांग्रेस विधायक बनवारी लाल शर्मा और आगर मालवा से भाजपा विधायक मनोहर ऊँटवाल के निधन के कारण उपचुनाव होना है।