मुझे कोई जानकारी नहीं है सीएम नारायणसामी किस देश की यात्रा पर हैंः किरण बेदी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: November 10, 2019 01:32 PM2019-11-10T13:32:13+5:302019-11-10T13:32:13+5:30
मुख्यमंत्री नारायणसामी, उद्योग मंत्री एमओएचएफ शाहजहां और विधायक व उद्योग विकास निगम के अध्यक्ष आर सिवा के साथ सिंगापुर की यात्रा पर हैं, जहां वे उद्योगपतियों से केंद्र शासित प्रदेश में निवेश लाने के लिए चर्चा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री वी नारायणसामी की सिंगापुर यात्रा के बीच पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है और सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री ने यात्रा से पहले संबंधित प्राधिकारी से जरूरी मंजूरी ली थी?
मुख्यमंत्री नारायणसामी, उद्योग मंत्री एमओएचएफ शाहजहां और विधायक व उद्योग विकास निगम के अध्यक्ष आर सिवा के साथ सिंगापुर की यात्रा पर हैं, जहां वे उद्योगपतियों से केंद्र शासित प्रदेश में निवेश लाने के लिए चर्चा कर रहे हैं। गौरतलब है कि बेदी और नारायणसामी के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर आपस में टकराव चल रहा है।
मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल पर निर्वाचित सरकार के कामकाज में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाते रहते हैं। इस आरोप का बेदी ने खंडन किया है। बेदी ने व्हाट्सऐप्प पर भेजे एक संदेश में कहा कि उन्हें नारायणसामी की विदेश यात्रा के बारे में मीडिया से जानकारी मिली है और वह उनकी विदेश यात्रा को लेकर भारत सरकार को रिपोर्ट करने के लिए ‘मजबूर’ हैं।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सिंगापुर की निजी यात्रा पर हैं, लेकिन वहां वह सरकारी काम कर रहे हैं। उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘ नियमों के मुताबिक, सरकार में शामिल हर किसी को नियुक्ति करने वाले प्राधिकरण से पूर्व मंजूरी लेनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ पुडुचेरी के मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के संदर्भ में, राष्ट्रपति नियुक्ति करने वाले प्राधिकरण हैं। इस बात की जानकारी नहीं है कि क्या मुख्यमंत्री ने अपनी मौजूदा और अन्य यात्राओं के लिए इजाजत ली थी। ’’