दिल्ली विधानसभा में बीजेपी विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी होंगे विपक्ष के नेता, आज से शुरू होगा सत्र
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 24, 2020 10:28 AM2020-02-24T10:28:56+5:302020-02-24T10:28:56+5:30
भारतीय जनता पार्टी ने विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी को विपक्ष का नेता नियुक्त किया है। रामवीर सिंह बिधूड़ी बदरपुर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक हैं।
दिल्ली विधानसभा सत्र की शुरुआत आज (24 फरवरी) से शुरू होने जा रहा है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी को विपक्ष का नेता नियुक्त किया है। रामवीर सिंह बिधूड़ी बदरपुर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक हैं। इससे पहले बदरपुर से चौथी बार विधानसभा पहुंचे रामवीर सिंह बिधूड़ी को विपक्ष के नेता के रूप में देखा जा रहा था।
बता दें कि दिल्ली चुनाव 2020 में बीजेपी के रामवीर सिंह बिधूड़ी ने करीब 2500 वोटों से जीत दर्ज की थी। बदरपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी के रामवीर सिंह बिधूड़ी, आप के राम सिंह नेताजी और कांग्रेस के प्रमोद कुमार यादव मैदान में थे। आप के रामसिंह नेताजी 86363 वोट हासिल कर दूसरे नंबर पर थे।
दिल्ली: बदरपुर से भाजपा विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी को दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में नियुक्त किया गया। pic.twitter.com/ZiXACj7J9A
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 24, 2020
आज से दिल्ली विधानसभा सत्र शुरू
दिल्ली विधानसभा का तीन-दिवसीय सत्र सोमवार को शुरू होगा जिस दौरान दिल्ली के नवनिर्वाचित विधायक शपथ ग्रहण करेंगे और अध्यक्ष चुना जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार उपराज्यपाल अनिल बैजल 25 फरवरी को सदन को संबोधित करेंगे। सूत्रों के अनुसार पिछली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल के पद पर बने रहने की संभावना है। नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ लेने के बाद सोमवार को सदन में अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।
दिल्ली की सातवीं विधानसभा का हाल में गठन हुआ जिसमें 70 सदस्यीय सदन में आम आदमी पार्टी को 62 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। यह नव-गठित दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र होगा। इन चुनावों में भाजपा ने आठ सीटें जीती थीं जबकि कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली।