Aus Open 2022 Final: नोवाक जोकोविच और फेडरर से आगे निकले राफेल नडाल, 21 एकल ग्रैंडस्लैम खिताब, दुनिया में नंबर एक, देखें तस्वीरें

By सतीश कुमार सिंह | Published: January 30, 2022 08:47 PM2022-01-30T20:47:54+5:302022-01-30T20:52:20+5:30

Next

दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी राफेल नडाल ने रविवार को यहां दो सेट से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए दानिल मेदवेदेव को हराकर आस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीता और 21 पुरुष एकल ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने।

स्पेन के 35 साल के नडाल ने इसके साथ ही पुरुष एकल में सर्वाधिक 21 ग्रैंडस्लैम खिताब के साथ रिकॉर्ड अपने नाम किया।

छठे वरीय नडाल ने पहले दो सेट गंवाने के बाद रूस के दूसरे वरीय मेदवेदेव को पांच घंटे और 24 मिनट चले मुकाबले में 2-6, 6-7 (5), 6-4, 6-4, 7-5 से हराया।

पांचवें और निर्णायक सेट में नडाल 5-4 के स्कोर पर जब चैंपियनशिप जीतने के लिए सर्विस कर रहे थे तो मेदवेदेव ने उनकी सर्विस तोड़ दी। उन्होंने हालांकि अपनी अगली सर्विस पर ऐसी कोई गलती नहीं की।

यह आस्ट्रेलियाई ओपन का दूसरा सबसे अधिक समय चला फाइनल है। इससे पहले 2012 में सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने नडाल को पांच सेट चले मुकाबले में पांच घंटे और 53 मिनट में हराया था।

नडाल के नाम अब रोजर फेडरर और जोकोविच से एक अधिक ग्रैंडस्लैम खिताब दर्ज है।

आस्ट्रेलियाई ओपन से पहले इन तीनों के नाम समान रिकॉर्ड 20 ग्रैंडस्लैम खिताब थे। फाइनल के दौरान दूसरे सेट में कुछ देकर खेल रुका जब एक प्रदर्शनकारी कोर्ट पर उतर आया।

नडाल इसके साथ ही चारों ग्रैंडस्लैम खिताब कम से कम दो बार जीतने वाले टेनिस इतिहास के सिर्फ चौथे पुरुष खिलाड़ी बने।