उत्तर भारत में गर्मी का सितम जारी, दिल्ली समेत कई राज्यों में 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

By मनाली रस्तोगी | Published: June 10, 2020 11:22 AM2020-06-10T11:22:28+5:302020-06-10T11:22:28+5:30

Next

पश्चिम मध्य और बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहे दक्षिण पश्चिम मॉनसून के बीच राष्ट्रीय राजधानी सहित उत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों में मंगलवार को तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

मंगलवार को सफदरजंग वेधशाला में दिल्ली का तापमान 40.6 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को यहां राजधानी का तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा आर्द्रता का स्तर 38 से 86 के बीच रहा।

हरियाणा और पंजाब में भी अधिकतम तापमान में कुछ वृद्धि दर्ज की गई है। अधिकतर हिस्सों में तापमान सामान्य के करीब या उससे थोड़ा नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान झांसी में रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान के कई हिस्सों में भी तापमान में मंगलवार को बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य का श्रीगंगानगर सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अपने अखिल भारतीय मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन में कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। विभाग ने कहा कि 'दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आज पश्चिम मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों में आगे बढ़ा है।' (भाषा इनपुट के साथ)