1300 करोड़ कमाने वाली ‘धुरंधर’ पर करण जौहर का बड़ा बयान

By संदीप दाहिमा | Updated: January 20, 2026 20:36 IST2026-01-20T20:26:24+5:302026-01-20T20:36:50+5:30

Next

फिल्म निर्माता करण जौहर ने एक बार फिर निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' की तारीफ की और कहा कि उन्हें यह कहने में कोई झिझक नहीं है कि उन्हें जासूसी ड्रामा फिल्म अच्छी लगी और उन्हें इसकी राजनीति में कोई बुराई नजर नहीं आई।

रणवीर सिंह अभिनीत इस फिल्म में कंधार विमान अपहरण, 2001 में संसद पर हुए हमले और 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों का संदर्भ देते हुए गुप्त खुफिया अभियानों की कहानी दिखाई गई है।

फिल्म अब तक 1,300 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। फिल्म के विषय और राजनीतिक पहलुओं को लेकर ऑनलाइन मंचों पर बहस छिड़ी और कई समीक्षकों ने इसे "पाकिस्तान-विरोधी" व "प्रोपेगेंडा" आधारित बताया।

युवाओं के संगठन इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट ऑफ यूनाइटेड नेशंस (आईआईएमयूएन) के एक संवाद सत्र के दौरान जौहर से 'धुरंधर' और फिल्म की राजनीतिक विषयवस्तु के बारे में सवाल पूछे गए। जौहर ने कहा, "मैंने किसी झिझक, पूर्वाग्रह के बगैर दिल से 'धुरंधर' को पसंद किया।

मैंने तीन घंटे 34 मिनट तक फिल्म को पूरी शिद्दत से देखा। मुझे फिल्म निर्माता का काम बहुत पसंद आया। मुझे कहानी सुनाने का तरीका और इसे अध्यायों में विभाजित करने का तरीका बहुत अच्छा लगा।" उन्होंने यह भी कहा, "मुझे यह पसंद आया कि फिल्म का दृष्टिकोण अधिक दूरदर्शी था। यह राजनीति के खिलाफ नहीं थी बल्कि इसमें अपनी तरह से राजनीति को बयां किया गया।" अभिनेता ऋतिक रोशन ने फिल्म की समीक्षा करते हुए फिल्म की कला की सराहना की थी लेकिन फिल्म में दिखाई गई राजनीति से असहमति जताई थी।

ऋतिक की समीक्षा के बारे में पूछे जाने पर जौहर ने कहा कि उन्हें फिल्म की राजनीति से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा, "मुझे फिल्म की राजनीति से सच में कोई आपत्ति नहीं थी। मुझे पता था कि फिल्म किस दिशा में जा रही है। मुझे पता था कि कुछ लोग इससे सहमत या असहमत हो सकते हैं और सिनेमा में यही होना चाहिए। मैं ऋतिक की राय का पूरी तरह सम्मान करता हूं।”