एशियाई चैंपियनशिप: निशानेबाज तेजस्विनी सावंत ने भारत को दिलाया 12वां ओलंपिक कोटा, पदक से चूकीं

By भाषा | Published: November 9, 2019 06:52 PM2019-11-09T18:52:27+5:302019-11-09T18:52:27+5:30

तेजस्विनी 50 मीटर राइफल प्रोन में भी भाग लेती हैं, उन्होंने कई पदक जीते हैं जिसमें विश्व चैम्पियनशिप, विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक शामिल हैं।

Tejaswini Sawant wins Tokyo Olympic quota at Asian Shooting Championships | एशियाई चैंपियनशिप: निशानेबाज तेजस्विनी सावंत ने भारत को दिलाया 12वां ओलंपिक कोटा, पदक से चूकीं

एशियाई चैंपियनशिप: निशानेबाज तेजस्विनी सावंत ने भारत को दिलाया 12वां ओलंपिक कोटा, पदक से चूकीं

Highlightsअनुभवी निशानेबाज तेजस्विनी सावंत ने भारत को निशानेबाजी में 12वां ओलंपिक कोटा दिलाया।तेजस्विनी 14वीं एशियाई चैंपियनशिप की महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में पदक हासिल करने से चूक गईं।

दोहा, नौ नवंबर। अनुभवी निशानेबाज तेजस्विनी सावंत ने भारत को निशानेबाजी में 12वां ओलंपिक कोटा दिलाया, लेकिन वह शनिवार को 14वीं एशियाई चैंपियनशिप की महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में पदक हासिल करने से चूक गईं। पूर्व विश्व चैंपियन तेजस्विनी ने 50 मीटर राइफल थ्री पाजीशन के फाइनल में पहुंचकर अगले साल के ओलंपिक खेलों का कोटा हासिल किया।

आठ फाइनलिस्ट में से पांच पहले ही टोक्यो का टिकट कटवा चुकी थीं, जिससे भारत ने तीन उपलब्ध कोटों में से एक अपने नाम किया। तेजस्विनी (39 वर्षीय) क्वालीफिकेशन में 1171 अंक के स्कोर से पांचवें स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंची। फाइनल में हालांकि उन्होंने पूरी कोशिश की लेकिन उन्हें 435.8 अंक के स्कोर से चौथे स्थान से संतुष्ट होना पड़ा।

दूसरी सीरीज में वह तीसरे स्थान पर चल रही थी लेकिन 8.8 के निशाने से वह पिछड़ गयीं। अगर उन्हें अगले साल तोक्यो ओलंपिक की टीम में चुना जाता है तो वह अपने पहले ओलंपिक में भाग लेंगी क्योंकि वह इससे पहले 2008, 2012 और 2016 में टीम में जगह बनाने से चूक चुकी हैं।

तेजस्विनी 50 मीटर राइफल प्रोन में भी भाग लेती हैं, उन्होंने कई पदक जीते हैं जिसमें विश्व चैम्पियनशिप, विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक शामिल हैं। वह 2010 में म्यूनिख में 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में विश्व रिकार्ड स्कोर की बराबरी के साथ विश्व चैम्पियन बनी थी।

वह विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली महिला निशानेबाज थी। चीन की मेंगयाओ शि ने 457.9 अंक के साथ स्वर्ण पदक जबकि मंगोलिया की येसुगेन ओयुनबात (457.0) ने रजत पदक हासिल किया। कांस्य पदक जापान की शिरोरी हिराता (445.9) ने जीता। अन्य भारतीयों में काजल सैनी और गायत्री नित्यानंदम क्रमश: 13वें और 16वें स्थान पर रहीं। एमक्यूएस वर्ग में सुनिधि चौहान ने 1164 अंक जुटाए।

Web Title: Tejaswini Sawant wins Tokyo Olympic quota at Asian Shooting Championships

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे