स्टिमक ने सैफ चैंपियनशिप के लिए 23 खिलाड़ियों की घोषणा की, उदांता की वापसी

By भाषा | Updated: September 26, 2021 22:19 IST2021-09-26T22:19:38+5:302021-09-26T22:19:38+5:30

Stimac announces 23 players for SAIF Championship, Udanta returns | स्टिमक ने सैफ चैंपियनशिप के लिए 23 खिलाड़ियों की घोषणा की, उदांता की वापसी

स्टिमक ने सैफ चैंपियनशिप के लिए 23 खिलाड़ियों की घोषणा की, उदांता की वापसी

नयी दिल्ली, 26 सितंबर भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने मालदीव में होने वाली सैफ चैंपियनशिप के लिए 23 सदस्यीय टीम की घोषणा की जिसमें बेंगलुरू एफसी के विंगर उदांता सिंह की वापसी हुई है।

इसी महीने नेपाल के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैचों से बाहर रहे उदांता ने एक से 16 अक्टूबर तक होने वाले क्षेत्रीय टूर्नामेंट के लिए टीम में जगह बनाई है।

चेन्नईयिन एफसी के विशाल कैथ को तीन गोलकीपर में जगह मिली है जबकि अमरिंदर सिंह के कोविड-19 के लिये पॉजिटिव पाये जाने के कारण उनकी जगह धीरज सिंह मोइरंगथम को चुना गया है। धीरज सिंह पहले शुरुआती टीम में नहीं थे।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने ट्वीट किया, ‘‘गोलकीपर अमरिंदर सिंह की जगह धीरज सिंह मोइरंगथम को सैफ चैंपियनशिप के लिये भारतीय राष्ट्रीय टीम में चुना गया है। ’’

दो अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए काठमांडू गई भारत की 25 सदस्यीय टीम में शामिल डिफेंडर आकाश मिश्रा, मिडफील्डर बिपिन सिंह और प्रणय हलधर को भी टीम में जगह नहीं मिली है।

खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ सोमवार को बेंगलुरू में एकत्रित होंगे और अगले दिन मालदीव के लिए रवाना होंगे। स्टिमक और तकनीकी स्टाफ के अन्य सदस्य उसी दिन सीधे टीम के साथ जुड़ेंगे।

चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाली अन्य टीमें बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका और मेजबान मालदीव हैं। प्रत्येक टीम एक-एक बार एक-दूसरे से भिड़ेंगे जिसके बाद शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें फाइनल में जगह बनाएंगी।

स्टिमक ने कहा, ‘‘एशिया के इस हिस्से में शीर्ष फुटबॉल टीम होने के कारण हम सैफ चैंपियनशिप को लेकर उत्साहित हैं। ये चार से पांच मैच हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण होंगे क्योंकि इनके अलावा हमें अगले सत्र में एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर के तीसरे दौर की शुरुआत से पहले एक साथ एकत्रित होने का मौका नहीं मिलेगा। इन मैचों से हमें अपने खेल के कुछ विभागों में सुधार करने में मदद मिलनी चाहिए।’’

भारत ने सैफ चैंपियनशिप (पहले सार्क कप) का खिताब सात बार जीता है। भारत 1993 में लाहौर, 1997 में काठमांडू, 1999 में मडगांव, 2005 में कराची, 2009 (अंडर 23 टीम) में ढाका, 2011 में नयी दिल्ली और 2015-16 में तिरूवनंतपुरम में चैंपियन बना।

भारत अपने अभियान की शुरुआत चार अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ करेगा।

भारत का ग्रुप चरण का कार्यक्रम इस प्रकार है:

चार अक्टूबर: भारत बनाम बांग्लादेश (भारतीय समयानुसार शाम साढ़े चार बजे से)

सात अक्टूबर: भारत बनाम श्रीलंका (भारतीय समयानुसार शाम साढ़े चार बजे से)

10 अक्टूबर: भारत बनाम नेपाल (भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे से)

13 अक्टूबर: भारत बनाम मालदीव (भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे से)

टीम इस प्रकार है:

गोलकीपर: गुरप्रीत सिंह, धीरज सिंह मोइरंगथम और विशाल कैथ।

डिफेंडर: प्रीतम कोटल, सेरिटन फर्नांडिस, चिंगलेनसाना सिंह, राहुल भेके, सुभाशीष बोस और मंदार राव देसाई।

मिडफील्डर: उदांता सिंह, ब्रेंडन फर्नांडिस, लालेंगमाविया, अनिरूद्ध थापा, सहल अब्दुल समद, जैकसन सिंह, ग्लेन मार्टिन्स, सुरेश सिंह, लिस्टन कोलासो और यासिर मोहम्मद।

फारवर्ड: मनवीर सिंह, रहीम अली, सुनील छेत्री और फारूख चौधरी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Stimac announces 23 players for SAIF Championship, Udanta returns

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे