भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी कोविड पॉजिटिव, कोरिया और चीन के खिलाफ मैच रद्द

By भाषा | Updated: December 8, 2021 20:28 IST2021-12-08T20:28:26+5:302021-12-08T20:28:26+5:30

Indian women's hockey player Kovid positive, matches against Korea and China canceled | भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी कोविड पॉजिटिव, कोरिया और चीन के खिलाफ मैच रद्द

भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी कोविड पॉजिटिव, कोरिया और चीन के खिलाफ मैच रद्द

डोंगहे (दक्षिण कोरिया), आठ दिसंबर एशियाई चैम्पियंस ट्राफी में हिस्सा ले रही भारतीय महिला हॉकी टीम की एक सदस्य कोविड-19 के लिये पॉजिटिव पायी गयी है जिसके कारण मेजबान और गत चैम्पियन कोरिया और चीन के खिलाफ होने वाले अगले दोनों मैच रद्द कर दिये गए ।

हॉकी इंडिया के एक सूत्र ने पुष्टि की कि एक खिलाड़ी का परीक्षण नतीजा पॉजिटिव आया है जिसके बाद एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) ने अपने ट्विटर हैंडल पर बयान जारी किया लेकिन संबंधित खिलाड़ी की जानकारी नहीं दी।

एएचएफ ने ट्वीट किया, ‘‘एशियाई हॉकी महासंघ को यह सूचित करते हुए खेद है कि टीम इंडिया के नियमित कोविड परीक्षण के दौरान कल एक नतीजा पॉजिटिव आया है। ’’

एएचएफ ने कहा, ‘‘कोरिया और भारत के बीच आज दोपहर तीन बजे होने वाले मुकाबले का आयोजन नहीं होगा। जल्द ही आगे की जानकारी दी जाएगी। ’’

इसके बाद शाम को हॉकी इंडिया ने ट्वीट किया ,‘‘खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है जिसे ध्यान में रखते हुए चीन के खिलाफ नौ दिसंबर को होने वाला मैच भी नहीं खेला जायेगा । ’’

महामारी ने मंगलवार को ही टूर्नामेंट को प्रभावित कर दिया था जब भारत का मलेशिया के खिलाफ दूसरा मैच कोविड से जुड़े मुद्दों के कारण रद्द कर दिया गया था।

मलेशिया को प्रतियोगिता के कम से कम पहले दो दिन बाहर रहना पड़ा क्योंकि उसकी एक खिलाड़ी नूरुल फ़ैज़ाह शफ़ीक़ाह ख़लीम का दक्षिण कोरिया पहुंचने पर किया गया कोविड-19 का परीक्षण पॉजिटिव आया था।

सूत्रों के अनुसार मलेशिया की तरह भारतीय दल को भी एक खिलाड़ी का परीक्षण पॉजिटिव आने के बाद पृथकवास पर रहना पड़ सकता है।

पिछली बार के उप विजेता भारत ने इससे पहले थाईलैंड को 13-0 से करारी शिकस्त दी थी जिसमें ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर ने पांच गोल किये थे।

भारत अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की महिला रैंकिंग में नौवें स्थान पर है और इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम है।

महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पहले 2020 में किया जाना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे कई बार स्थगित करना पड़ा था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Indian women's hockey player Kovid positive, matches against Korea and China canceled

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे