French Open 2022 Final: रोलां गैरो में नडाल का रिकॉर्ड कमाल, 14 फाइनल मुकाबले खेले और सभी जीते, फ्रेंच ओपन में 112 मैच खेले और केवल 3 हारे
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: June 5, 2022 10:22 PM2022-06-05T22:22:45+5:302022-06-05T22:24:16+5:30
French Open 2022 Final: राफेल नडाल ने यह जीत अपने 36वें जन्मदिन के दो दिन बाद दर्ज की, जिससे लाल बाजरी पर खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के इतिहास में खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने।
French Open 2022 Final: राफेल नडाल ने रविवार को फ्रेंच ओपन फाइनल में कैस्पर रुड को 6-3, 6-3, 6-0 से हराकर रोलां गैरो अपनी बादशाहत कायम रखते हुए 14वीं चैंपियनशिप और कुल मिलाकर 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किया। ये दोनों रिकॉर्ड पहले से ही नडाल के नाम है।
नडाल ने यह जीत अपने 36वें जन्मदिन के दो दिन बाद दर्ज की, जिससे लाल बाजरी पर खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के इतिहास में खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। नॉर्वे के 23 साल के रुड पहली बार ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे थे। उन्होंने दूसरे सेट में 3-1 की बढ़त बनायी थी लेकिन नडाल के अनुभव के आगे उनकी एक ना चली।
नडाल ने इसके बाद लगातार सेट जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। नडाल ने इतने दबदबे से अपना खेल खेला कि रुड को पूरे मैच में कभी भी बड़ी बढ़त या वापसी का मौका नहीं मिला। उन्होंने रुड के 16 के मुकाबले 37 विनर्स लगाये। रुड की 26 सहज गलतियों के मुकाबले नडाल ने सिर्फ 16 ऐसी गलतियां की।
Merci, Rafa 🧡#RolandGarrospic.twitter.com/kXcKfAuSoz
— Roland-Garros (@rolandgarros) June 5, 2022
नडाल ने शानदार बैकहैंड लगाकर मुकाबला अपने नाम किया और फिर यहां की लाल बाजरी पर अपनी रैकेट को रखकर दोनों हाथों से अपना चेहरा ढक कर जीत का जश्न मनाया। स्पेन के इस खिलाड़ी ने 2005 में 19 साल के उम्र में पहली बार यहां खिताब जीता था और इस टूर्नामेंट में तभी से उनका दबदबा कायम है।
Make it 14 🧡#RolandGarros | @RafaelNadalpic.twitter.com/NbTLuOzxkp
— Roland-Garros (@rolandgarros) June 5, 2022
सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के मामले में भी उन्होंने दिग्गज रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच पर दो खिताब की बढ़त बना ली है। फेडरर चोटिल होने के कारण पिछले काफी समय से खेल से दूर हैं तो वहीं जोकोविच कोविड-19 टीकाकरण विवाद के कारण ऑस्ट्रेलियाई ओपन में नहीं खेल सके थे।
नडाल ने हाल के दिनों में बार-बार कहा है कि उनकी उम्र और पैर के पुराने दर्द को देखते हुए यह सुनिश्चित नहीं है कि कौन सा मैच उनका आखिरी होगा। ‘कोर्ट फिलिप चैट्रियर’ में उनकी लय को देखकर हालांकि ऐसा नहीं लगा। उन्होंने अपने अभियान के दौरान शीर्ष 10 रैंकिंग में शामिल चार खिलाड़ियों (चौथे दौर में नंबर नौ फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे, क्वार्टर फाइनल में नंबर एक जोकोविच, सेमीफाइनल में नंबर तीन अलेक्जेंडर ज्वेरेव और फाइनल में रैंकिंग में नंबर आठ रुड) को शिकस्त दी।
Rafa-Garros 🇪🇸🏆 pic.twitter.com/0iC9GYREvt
— Roland-Garros (@rolandgarros) June 5, 2022
रोलां गैरो में नडाल का रिकॉर्ड कमाल का है। उन्होंने यहां 14 फाइनल मुकाबले खेले है और सभी में जीत दर्ज की। उन्होंने यहां कुल 112 मैच खेले है जिसमें से सिर्फ तीन में हार का सामना करना पड़ा है। रुड इससे पहले कभी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़े थे। वह नडाल को अपना आदर्श मानते हैं।
High five 🖐 pic.twitter.com/tOsipuMURr
— Roland-Garros (@rolandgarros) June 5, 2022
रुड ने बताया कि टीवी पर पेरिस में नडाल के पिछले सभी फाइनल देखे है। मल्लोर्का स्थित में नडाल की टेनिस अकादमी में प्रशिक्षण लिया है। दोनों ने अनगिनत बार एक दूसरे का सामना किया है लेकिन इस फाइनल से पहले प्रतिस्पर्धी मुकाबले में कभी एक-दूसरे से नहीं भिड़े। नडाल ने फ्रेंच ओपन के 14 खिताब के साथ , चार बार यूएस ओपन और दो-दो बार विम्बलडन तथा ऑस्ट्रेलियाई ओपन जीता है।