FIH Women's Junior Hockey World Cup: शानदार आगाज, कनाडा को 12-0 से हराया, मुमताज खान ने दागे 4 गोल, कल जर्मनी से टक्कर
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: November 30, 2023 02:35 PM2023-11-30T14:35:29+5:302023-11-30T14:36:58+5:30
FIH Women's Junior Hockey World Cup: भारत के लिए मुमताज खान ने चार (26वां, 41वां, 54वां और 60वां) , अन्नु (चौथा, छठा, 39वां मिनट) और दीपिका सोरेंग (34वां, 50वां और 54वां) ने तीन तीन गोल किये।
FIH Women's Junior Hockey World Cup: भारतीय टीम ने एफआईएच महिला जूनियर हॉकी विश्व कप में कनाडा को 12-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। भारत के लिए मुमताज खान ने चार (26वां, 41वां, 54वां और 60वां) , अन्नु (चौथा, छठा, 39वां मिनट) और दीपिका सोरेंग (34वां, 50वां और 54वां) ने तीन तीन गोल किये।
डिप्पी मोनिका टोप्पो ने 21वें मिनट में और नीलम ने 45वें मिनट में गोल दागे। भारत ने आक्रामक शुरुआत की और जल्दी ही अन्नु ने पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल दागकर बढ़त दिला दी। दो गोल करने के बावजूद भारत ने आक्रामक खेल जारी रखा और पहले क्वार्टर तक बढ़त 2 . 0 की बनी रही।
दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा रहा। डिप्पी और मुमताज ने इसका फायदा उठाकर एक एक फील्ड गोल दाग दिया। इस बीच कनाडा को मिला पेनल्टी कॉर्नर बेकार गया। हाफटाइम तक भारत के पास चार गोल की बढ़त थी।
दूसरे हाफ में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर तब्दील किया जिसके बाद अन्नु ने भी हैट्रिक पूरी की। मुमताज ने अपना दूसरा गोल भी दागा। वहीं नीलम ने पेनल्टी को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 8 . 0 की कर दी। आखिरी क्वार्टर में दीपिका और मुमताज ने गोल दागे। भारत का सामना शुक्रवार को जर्मनी से होगा।