आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक वर्ल्ड कप: दीपा कर्माकर वॉल्ट के फाइनल में, अरूणा हुईं चोटिल

By भाषा | Published: November 23, 2018 01:46 PM2018-11-23T13:46:22+5:302018-11-23T13:46:22+5:30

एशियाई खेलों में चोट से जूझने वाली दीपा ने 14.100 का स्कोर बनाया और क्वालिफिकेशन में 16 जिम्नास्टों के बीच छठे स्थान पर रही।

artistic gymnastics world cup dipa karmakar enters into final | आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक वर्ल्ड कप: दीपा कर्माकर वॉल्ट के फाइनल में, अरूणा हुईं चोटिल

दीपा कर्माकर (फाइल फोटो)

नई दिल्ली: भारतीय जिम्नास्ट दीपा कर्माकर जर्मनी के कोटबस में चल रहे आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक वर्ल्ड कप के वॉल्ट फाइनल्स में जगह बनाने में सफल रही लेकिन बी अरुणा के घुटने में चोट लग गयी जिससे उनके अभियान का निराशाजनक अंत हुआ। 

एशियाई खेलों में चोट से जूझने वाली दीपा ने 14.100 का स्कोर बनाया और क्वालिफिकेशन में 16 जिम्नास्टों के बीच छठे स्थान पर रही।
मेलबर्न विश्व कप में महिलाओं की व्यक्तिगत वॉल्ट में कांस्य पदक जीतने वाली अरुणा पहले वॉल्ट के दौरान ही चोटिल हो गयी और उन्हें प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। 

भारतीय जिम्नास्टिक महासंघ के उपाध्यक्ष रियाज अहमद भाटी ने कहा, 'अरुणा अधिक कठिनाई वाले वॉल्ट पर प्रदर्शन करने वाली थी। अभ्यास के समय वह काफी आश्वस्त दिख रही थी लेकिन प्रतियोगिता के दौरान वह जल्दी नीचे आ गयी जिससे उनका घुटना चोटिल हो गया। इससे वह दूसरा वॉल्ट नहीं कर पायी। उनका आज एमआरआई किया जाएगा।' 

भारतीय पुरुष जिम्नास्टों में राकेश पात्रा ने रिंग्स में 14.000 अंक बनाये और वह 29 खिलाड़ियों के बीच 14वें स्थान पर रहे। आशीष कुमार भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाये और 13.200 के स्कोर के साथ 37 जिम्नास्टों के बीच 24वें स्थान पर रहे। 

कोटबस प्रतियोगिता ओलंपिक 2020 के लिये आठ स्पर्धाओं की क्वालिफाइंग प्रणाली का हिस्सा है जिसमें जिम्नास्ट अपने तीन सर्वश्रेष्ठ स्कोर के आधार पर क्वालिफाई करेगा।

Web Title: artistic gymnastics world cup dipa karmakar enters into final

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे