Assembly Elections 2023: "नरेंद्र मोदी, शिवराज सिंह चौहान और अमित शाह ने कांग्रेस की सरकार गिराई थी, वो धोखा देने वाले लोग हैं", राहुल गांधी का भाजपा पर हमला
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: November 14, 2023 04:51 PM2023-11-14T16:51:19+5:302023-11-14T16:56:14+5:30
राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के विदिशा में कहा कि पीएम मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने विधायकों को खरीदा और मध्य प्रदेश की चुनी हुई कांग्रेस की सरकार को गिरा दिया था।

एएनआई
विदिशा: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करते हुए विदिशा में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मंगलवार को दावा किया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का 'तूफान' आएगा और राज्य के लोग आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी को 145-150 सीटें देने जा रहे हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक राहुल गांधी ने जनसभा में कहा, "मैं अब तक कई बार मध्य प्रदेश का दौरा कर चुका हूं। मैं शत-प्रतिशत बता सकता हूं कि यहां कांग्रेस पार्टी का 'तूफान' है। आप इसे लिख सकते हैं कि मध्य प्रदेश के लोग कांग्रेस पार्टी को 145-150 सीटें देने जा रहे हैं।"
उन्होंने 2020 में कांग्रेस सरकार को गिराने की घटना का जिक्र करते हुए भाजपा पर जबरदस्त हमला किया और आरोप लगाया कि पीएम मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने विधायकों को खरीदा और मध्य प्रदेश की चुनी हुई कांग्रेस की सरकार को गिरा दिया।
राहुल ने कहा, "मध्य प्रदेश की जनता ने पांच साल पहले कांग्रेस की सरकार को चुना था। आपने भाजपा को वोट नहीं दिया था। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मिलकर विधायक खरीदा और मध्य प्रदेश की चुनी हुई कमलनाथ सरकार को गिरा दिया। उन्होंने करोड़ों रुपए देकर कांग्रेस पार्टी के विधायकों को खरीदा। पीएम मोदी और भाजपा के दूसरे नेताओं ने आपके दिल की आवाज को कुचलने का काम किया है।"
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, "भाजपा ने आपको धोखा दिया है। मध्य प्रदेश के अरबपतियों को धोखा नहीं दिया गया लेकिन किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, बेरोजगार युवाओं को धोखा दिया। हम आपकी सरकार चलाना चाहते थे, हमने किसानों का कर्ज माफ किया था। आपको याद होगा कि कांग्रेस ने जब 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया तो भाजपा नेताओं ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी ऐसा नहीं कर सकती है।"
राहुल गांधी ने कहा, "हम हर राज्य में बीजेपी से लड़ते हैं। कर्नाटक में हमने उन्हें भगाया। हिमाचल में भगाया, लेकिन उसके लिए हम नफरत नहीं फैलाते। हमने तो 'नफ़रत का बाज़ार' में 'मोहब्बत की दुकान' खोली है। हम अहिंसा के सिपाही हैं। हम मारते नहीं हैं लेकिन प्यार से जरूर भगा देते हैं।"
मालूम हो कि मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 17 नवंबर को मतदान होना है और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।