सरकारी आवास बचाने को लेकर सीएम योगी से मिले मुलायम सिंह
By लोकमत समाचार हिंदी ब्यूरो | Published: May 17, 2018 05:18 PM2018-05-17T17:18:00+5:302018-05-17T17:30:01+5:30
मुलायम पांच विक्रमादित्य मार्ग पर रहते हैं जबकि उनके पुत्र अखिलेश यादव बगल में ही चार विक्रमादित्य मार्ग पर रहते हैं।
लखनऊ, 17 मई: समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके पांच कालिदास मार्ग स्थित आवास पर मुलाकात की। समझा जाता है कि मुलायम उच्चतम न्यायालय के पूर्व मुख्यमंत्रियों को उनके सरकारी बंगले खाली करने के निर्देश से उत्पन्न हालात पर चर्चा करने गये थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुलायम सिंह दोपहर में मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचे और वहां करीब 20 मिनट रहे। सरकारी अधिकारियों ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया जबकि मुलायम के करीबी मानते हैं कि उन्होंने अपने बंगले से जुड़े मुददे पर बात की।
मुलायम पांच विक्रमादित्य मार्ग पर रहते हैं जबकि उनके पुत्र अखिलेश यादव बगल में ही चार विक्रमादित्य मार्ग पर रहते हैं। शीर्ष अदालत ने इस महीने की शुरूआत में उत्तर प्रदेश के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों को अपने सरकारी बंगले खाली करने का निर्देश दिया था। अदालत का यह आदेश एनजीओ लोक प्रहरी की जनहित याचिका पर आया। उत्तर प्रदेश विधानसभा ने एक संशोधन प्रस्ताव पारित किया था, जिसके तहत सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के आजीवन सरकारी बंगलों में रहने का प्रावधान था।
उत्तर प्रदेश के छह पूर्व मुख्यमंत्रियों नारायण दत्त तिवारी, मुलायम सिंह यादव, कल्याण सिंह, मायावती, राजनाथ सिंह एवं अखिलेश यादव के पास राजधानी के वीवीआईपी क्षेत्र में सरकारी बंगले हैं।