मल्लिकार्जुन खड़गे PM पर बरसे, कहा- अगर कांग्रेस 40 से ज्यादा सीटें लाई तो क्या मोदी विजय चौक पर फांसी लगाएंगे

By भाषा | Published: May 13, 2019 05:05 AM2019-05-13T05:05:33+5:302019-05-13T05:05:33+5:30

कर्नाटक में चिंचोली विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार सुभाष राठौड़ के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा, ‘‘यहां बैठे लोग इस देश का भविष्य लिखने जा रहे हैं। सुभाष और हमारा भविष्य आपके हाथों में है, उनके (भाजपा-मोदी) के हाथ में नहीं है।’’

Will Modi Hang Himself in Vijay Chowk if Congress Wins More Than 40 Seats says mallikarjun kharge | मल्लिकार्जुन खड़गे PM पर बरसे, कहा- अगर कांग्रेस 40 से ज्यादा सीटें लाई तो क्या मोदी विजय चौक पर फांसी लगाएंगे

File Photo

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि अगर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 40 से कम सीटें मिलने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आकलन गलत साबित हुआ तो क्या वह दिल्ली के विजय चौक में फांसी लगा लेंगे।

कर्नाटक में चिंचोली विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार सुभाष राठौड़ के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा, ‘‘यहां बैठे लोग इस देश का भविष्य लिखने जा रहे हैं। सुभाष और हमारा भविष्य आपके हाथों में है, उनके (भाजपा-मोदी) के हाथ में नहीं है।’’

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने कहा, ‘‘जहां भी वह (मोदी) जाते हैं, कहते हैं कि कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में 40 सीटें भी नहीं मिलेंगी। क्या आपमें से कोई भी इसे मानता है? अगर हमें 40 सीटें मिल गयीं तो क्या मोदी दिल्ली के विजय चौक में फांसी लगा लेंगे?’’

2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 44 सीटें मिली थीं। भाजपा की वरिष्ठ नेता और सांसद शोभा करंदलाजे ने खड़गे से इस बयान पर माफी की मांग करते हुए कहा कि उन्हें इतने वरिष्ठ नेता से ऐसे अशोभनीय बयान की उम्मीद नहीं थी।

इससे पहले खड़गे ने रैली में कहा कि मोदी खुद को पिछड़ी जाति का बताते हैं लेकिन वह केवल धनवानों की मदद कर रहे हैं। मौजूदा विधायक उमेश जाधव के इस्तीफे के बाद चिंचोली में उपचुनाव हो रहा है। जाधव हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये और गुलबर्गा से लोकसभा चुनाव लड़े हैं। 

Web Title: Will Modi Hang Himself in Vijay Chowk if Congress Wins More Than 40 Seats says mallikarjun kharge