भाजपा विधायक पर अफसर पत्नी को पीटने का आरोप, पुलिस से मांगी सुरक्षा, जानें पूरा मामला
By वैशाली कुमारी | Published: June 26, 2021 12:03 PM2021-06-26T12:03:08+5:302021-06-26T12:08:27+5:30
धर्मशाला के भाजपा विधायक विशाल नहेरिया (BJP MLA Vishal Nehria) पर उनकी एचएएस अफसर पत्नी ने मारपटी के आरोप लगाए हैं
धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार की मुश्किलें दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रहीं है। कुल्लू में हुए थप्पड़कांड के बाद अब धर्मशाला में ये पार्टी फिर से सुर्खियों में है। वहीं इस बार मामला फिर से मारपीट का है। बतादें की धर्मशाला के भाजपा विधायक विशाल नहेरिया (BJP MLA Vishal Nehria) पर उनकी एचएएस अफसर पत्नी ने मारपटी के आरोप लगाए हैं।
इसके अलावा उन्होंने विधायक पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं। विधायक विशाल नेहरिया के खिलाफ उनकी एचएएस पत्नी ने मारपीट के आरोप लगाकर पुलिस से सुरक्षा भी मांगी है। जानकारी के मुताबिक, विधायक विशाल नेहरिया की पत्नी ओशीन शर्मा ने मारपीट को लेकर एक वीडियो बनाया है, जिसमें वह मारपीट से जख्मी भी दिख रही हैं।
ओशीन के वीडियो के द्वरा बताई मुशकिलें
इस साढ़े सात मिनट के वीडियो में ओशीन ने विधायक पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होने बताया है कि जब वह चंडीगढ़ में एक होटल में रुके थे तो, तब भी विधायक ने उनसे मारपीट की थी। वहीं अब हाल ही में कोरोना संक्रमित होने पर उन्होंने उनसे मारपीट की और रात को घर से निकाल दिया और फोन भी छीन लिया। इसके बाद में जब वह सड़क किनारे खड़ी थी तो नहेरिया वहां पहुंचे और उन्हें वापस घर जाने की बात कही।
साथ ही यह भी कहा कि अगर वह घर नहीं जाएंगी तो वह खुद को नुकसान पहुंचाएगे। उन्होंने कहा कि बचने के लिए उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया। वह जादू-टोने का भी सहारा लेते हैं। साथ ही विधायक चाहते थे कि वह गर्भवती हों, लेकिन इस तरह के हालात में वह ऐसा नहीं चाहती हैं। ओशीन ने वीडियो में नेहरिया की मां पर भी आरोप लगाया है। हालांकि, पूरा मामला सामने आने के बाद विशाल नेहरिया ने प्रतिक्रिया नहीं दी है।
शादी को हो गए दो महिने
विधायक विशाल नेहरिया और उनकी पत्नी ओशीन शर्मा का विवाह दो माह पहले 26 अप्रैल को हुआ था। शादी से पहले ओशीन शर्मा नगरोटा सुरिया ब्लॉक में बीडीओ के पद पर रह चुकी है और वर्तमान में ओशिन शर्मा धर्मशाला में बतौर एचएएस पद पर सेवाएं दे रही हैं। विशाल नहेरियां 2019 के उपचुनाव में पहली बार विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे हैं। बतादें कि वह छात्र राजनीति के बाद सियासत के अगले दौर में पहुंचे हैं। हालांकि इस मामले के बाद अब उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मामले में पुलिस का बयान
कांगड़ा के एसपी विमुक्त रंजन ने विधायक विशाल नेहरिया की पत्नी ओशिन शर्मा की ओर से उनके पति के खिलाफ शिकायत मिलने की पुष्टि की है। एसपी ने कहा कि विधायक विशाल नेहरिया की पत्नी ने अपने पति के खिलाफ पुलिस में मारपीट की शिकायत की है और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। वहीं पुलिस को दी शिकायत में ओशिन शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनके पति राजनीतिक रूप से प्रभावशाली है इसलिए उनको अपनी सुरक्षा का खतरा है इसलिए उन्होने पुलिल से सुरक्षा कि मांग की है।