वाराणसी: कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा, "भाजपा ने सुभासपा के साथ गठबंधन कर लिया, अब तो योगी को सोचना है कि उनका बुलडोजर क्या करेगा"
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: July 19, 2023 10:45 AM2023-07-19T10:45:22+5:302023-07-19T10:56:05+5:30
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकसभा चुनाव में वाराणसी से चुनौती दे चुके कांग्रेस नेता अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सुभासपा के साथ गठबधन करके अपने असली चेहरे को जनता के बीच उजागर कर दिया है।
वाराणसी: कांग्रेस नेता अजय राय ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के साथ गठबंधन करने के लिए भारतीय जनता पार्टी पर जबरदस्त हमला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकसभा चुनाव में वाराणसी से चुनौती दे चुके अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सुभासपा के साथ गठबधन करके अपने असली चेहरे को जनता के बीच उजागर कर दिया है।
अजय राय ने वाराणसी में मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि एक तरफ तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दावा करते हैं कि उन्होंने अपने बुलडोजर से सूबे के माफियाओं की कमर तोड़ दी है, वहीं भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व उन दलों के साथ मिलकर कांग्रेस को हराने का सपना देख रहे हैं, जो अपने यहां माफियाओं को पालते हैं।
उन्होंने कहा कि सुभासपा के मऊ से किसका लड़का विधायक है, यह सभी जानते हैं। सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर 2022 के विधानसभा चुनाव के पहले जेल में बंद माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की परिक्रमा कर रहे थे, ये बात सभी लोग जानते हैं। राजभर विधानसभा चुनाव में खुले मन और मंच से मुख्तार अंसारी की तारीफ कर रहे थे और आज भी करते हैं। ये बात भी सब लोग जानते हैं।
कांग्रेस नेता राय ने कहा कि सुभासपा नेता राजभर ने मुख्यार के साथ सेटिंग और अखिलेश यादव के मनाया कि वो उनके बेटे को टिकट दे दें लेकिन जब अखिलेश नहीं माने तो राजभर ने अपनी पार्टी से मुख्तार अंसारी के बेटे को मऊ से टिकट देकर विधायक बनवा दिया। आज उसस सुभासपा के साथ भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन कर लिया है। अब तो योगी जी को सोचना है कि उनका बुलडोजर अब आगे क्या करेगा।
उन्होंने कहा, "अमित शाह सुभासपा के साथ गठबंधन करते समय शायद यह बात भूल गये कि मुख्तार अंसारी ने भाजपा विधायक कृष्णानंद राय और विश्व हिंदू परिषद के नेता नंद किशोर रूंगटा की हत्या करवाई। वो भूल जाएंगे क्योंकि यही भाजपा का असली चाल, चरित्र और चेहरा ऐसा ही है। भाजपा को किसी दूसरी पार्टी ने नहीं बल्कि उसके अपने फैसले ने बेनकाब कर दिया है।"
अजय राय ने कहा, “भाजपा सरकार की अपराध के खिलाफ कथित जीरो टॉलरेंस की नीति अब संदिग्ध हो गई है। साबित हो गया है कि वो चुनाव के लिए काम करते हैं न कि जनता के लिए। यही कारण है कि चुनावी समीकरण साधने के लिए भाजपा ने सुभासपा के साथ गठबंधन किया है, जिसे मुख्तार का आशिर्वाद प्राप्त है।“