उत्तर प्रदेश में महागठबंधन की घेराबंदी के बावजूद भाजपा का शानदार प्रदर्शन, जानें 80 सीटों का हाल

By भाषा | Published: May 24, 2019 02:23 AM2019-05-24T02:23:11+5:302019-05-24T02:23:11+5:30

चुनाव आयोग द्वारा घोषित परिणाम के मुताबिक वाराणसी से प्रत्याशी मोदी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा—बसपा—रालोद गठबंधन प्रत्याशी सपा की शालिनी यादव को चार लाख 79 हजार 505 मतों से परास्त किया।

Uttar Pradesh Lok Sabha Election result 2019 bjp win 60 plus, all you need to know | उत्तर प्रदेश में महागठबंधन की घेराबंदी के बावजूद भाजपा का शानदार प्रदर्शन, जानें 80 सीटों का हाल

उत्तर प्रदेश में महागठबंधन की घेराबंदी के बावजूद भाजपा का शानदार प्रदर्शन, जानें 80 सीटों का हाल

Highlightsमोदी को कुल 674664 मत मिले। वहीं शालिनी को 195159 वोट हासिल हुए। मछलीशहर से भाजपा उम्मीदवार बी.पी. सरोज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गठबंधन प्रत्याशी बसपा के त्रिभुवन राम को 181 मतों के बेहद नजदीकी अंतर से पराजित किया।

सपा-बसपा-रालोद के महागठबंधन के बावजूद 'प्रचंड मोदी लहर' पर सवार भाजपा ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। रात दस बजे तक चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक भाजपा ने प्रदेश की 80 सीटों में से 28 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि 34 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग द्वारा घोषित परिणाम के मुताबिक वाराणसी से प्रत्याशी मोदी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा—बसपा—रालोद गठबंधन प्रत्याशी सपा की शालिनी यादव को चार लाख 79 हजार 505 मतों से परास्त किया। मोदी को कुल 674664 मत मिले। वहीं शालिनी को 195159 वोट हासिल हुए।

कांग्रेस के अजय राय तीसरे स्थान पर रहे जिन्हें 152548 मत प्राप्त हुए। लखनऊ सीट से भाजपा उम्मीदवार केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी निकटतम प्रत्याशी सपा की पूनम सिन्हा को 347302 मतों से हराया। सुल्तानपुर से भाजपा उम्मीदवार केन्द्रीय महिला एवं परिवार कल्याण मंत्री मेनका गांधी ने कड़े संघर्ष के बाद गठबंधन प्रत्याशी बसपा के चंद्रभद्र सिंह 'सोनू' को 14526 मतों से हराया। केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने फतेहपुर सीट से गठबंधन उम्मीदवार बसपा के सुखदेव प्रसाद वर्मा को 198205 मतों से हराया।

पीलीभीत सीट से भाजपा प्रत्याशी वरुण गांधी जीते

संप्रग अध्यक्ष और कांग्रेस की पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी ने रायबरेली लोकसभा सीट एक बार फिर जीत ली है। सोनिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह को एक लाख 67 हजार मतों से हराया। रायबरेली सीट से सोनिया की यह लगातार पांचवीं जीत है। मिर्जापुर से भाजपा के सहयोगी अपना दल—सोनेलाल की प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने गठबंधन उम्मीदवार सपा के राम चरित्र निषाद को 232008 से परास्त किया। पीलीभीत सीट से भाजपा प्रत्याशी वरुण गांधी ने गठबंधन प्रत्याशी सपा के हेमराज वर्मा को दो लाख 55 हजार 627 मतों से हराया। बासगांव सीट से भाजपा उम्मीदवार कमलेश पासवान ने गठबंधन प्रत्याशी बसपा के सदल प्रसाद को 153468 वोटों से पराजित किया।

डुमरियागंज से भाजपा प्रत्याशी जगदम्बिका पाल ने गठबंधन उम्मीदवार बसपा के आफताब आलम को 105321 मतों से हराया। महराजगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी पंकज चौधरी ने गठबंधन उम्मीदवार सपा के अखिलेश को 340424 वोटों से परास्त किया। मेरठ से भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र अग्रवाल ने गठबंधन उम्मीदवार बसपा के हाजी याकूब कुरैशी को 4729 मतों से पराजित किया। प्रतापगढ़ सीट से भाजपा प्रत्याशी संगम लाल गुप्ता ने गठबंधन प्रत्याशी बसपा के अशोक त्रिपाठी को 117752 वोटों से हराया। फर्रुखाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी मुकेश राजपूत ने गठबंधन उम्मीदवार बसपा के मनोज अग्रवाल को 221702 मतों से परास्त किया। कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद को मात्र 55258 वोट ही मिल सके। बुलंदशहर से भाजपा प्रत्याशी भोला सिंह ने गठबंधन उम्मीदवार बसपा के योगेश वर्मा को 290057 मतों से हराया। मछलीशहर से भाजपा उम्मीदवार बी.पी. सरोज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गठबंधन प्रत्याशी बसपा के त्रिभुवन राम को 181 मतों के बेहद नजदीकी अंतर से पराजित किया।

मुरादाबाद से गठबंधन प्रत्याशी सपा के डॉक्टर एस.टी. हसन विजयी

शाहजहांपुर से भाजपा के अरुण कुमार सागर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गठबंधन उम्मीदवार बसपा के अमर चंद्र जौहर को 268418 वोटों से परास्त किया। हरदोई सीट से भाजपा उम्मीदवार जय प्रकाश ने गठबंधन उम्मीदवार सपा की ऊषा वर्मा को 132474 वोटों से हराया। कौशाम्बी से भाजपा के विनोद कुमार सोनकर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गठबंधन प्रत्याशी सपा के इंद्रजीत सरोज को 38722 मतों से पराजित किया। झांसी सीट से भाजपा के अनुराग शर्मा ने गठबंधन उम्मीदवार सपा के श्याम सुंदर सिंह को 362865 वोटों से हराया। सलेमपुर से भाजपा के मौजूदा सांसद एवं प्रत्याशी रविन्दर कुशवाहा ने गठबंधन उम्मीदवार बसपा के आर. एस. कुशवाहा को 112477 वोटों से पराजित किया। सहारनपुर सीट से गठबंधन प्रत्याशी बसपा के हाजी फजलउर्रहमान ने भाजपा के मौजूदा सांसद राघव लखनपाल को 22417 मतों से हराया। मुरादाबाद से गठबंधन प्रत्याशी सपा के डॉक्टर एस.टी. हसन ने भाजपा के मौजूदा सांसद कुंवर सर्वेश कुमार को 97878 मतों से पराजित किया।

श्रावस्ती सीट से गठबंधन प्रत्याशी बसपा के राम शिरोमणि ने कड़ी टक्कर में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार दद्दन मिश्रा को 5320 मतों से हराया। अमरोहा सीट से गठबंधन प्रत्याशी बसपा के दानिश अली ने भाजपा के मौजूदा सांसद एवं उम्मीदवार कंवर सिंह तंवर को 63248 मतों से हराया। जौनपुर सीट से गठबंधन प्रत्याशी बसपा के श्याम सिंह यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी एवं वर्तमान सांसद डॉक्टर कृष्ण प्रताप सिंह को 80754 वोट से पराजित किया। जालौन सीट से भाजपा उम्मीदवार भानु प्रताप सिंह ने गठबंधन प्रत्याशी बसपा के अजय सिंह को 158377 वोटों से हराया। बलिया सीट से भाजपा उम्मीदवार वीरेन्द्र सिंह मस्त ने गठबंधन प्रत्याशी सपा के सनातन पाण्डेय को 15519 मतों से परास्त किया।

रवि किशन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा—बसपा गठबंधन के राम भुआल निषाद को हराया

गोण्डा से भाजपा उम्मीदवार कीर्तिवर्धन सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गठबंधन प्रत्याशी सपा के विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह को 166360 मतों से हराया। भाजपा ने यह सीट बरकरार रखी। हाथरस से भाजपा प्रत्याशी राजवीर दिलेर ने गठबंधन प्रत्याशी सपा के रामजी लाल सुमन को 260208 मतों से हराया। उन्नाव से भाजपा प्रत्याशी साक्षी महाराज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गठबंधन उम्मीदवार सपा के अरुण शंकर शुक्ला को चार लाख 956 मतों से हराया। अलीगढ़ से भाजपा प्रत्याशी मौजूदा सांसद सतीश कुमार गौतम ने सपा—बसपा—रालोद गठबंधन प्रत्याशी बसपा के अजीत बालियान को 229261 मतों से हराया। बांदा से भाजपा के आर.के. सिंह पटेल ने गठबंधन प्रत्याशी सपा के श्यामाचरण गुप्ता को 58938 मतों से पराजित किया। गोरखपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार भोजपुरी अभिनेता रवि किशन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा—बसपा गठबंधन के राम भुआल निषाद को तीन लाख एक हजार 664 मतों से हराया। किशन को 717122 मत मिले जबकि निषाद को 415458 वोट हासिल हुए।

बसपा पांच सीटें जीतने के साथ—साथ पांच सीटों पर बढ़त बनाये हुए 

नगीना सीट से गठबंधन प्रत्याशी बसपा के गिरीश चन्द्र ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मौजूदा सांसद भाजपा के डॉक्टर यशवंत सिंह को 166832 मतों से पराजित किया। रॉबर्ट्सगंज सीट से भाजपा के सहयोगी दल अपना दल—सोनेलाल के पकौड़ीलाल कोल ने गठबंधन प्रत्याशी सपा के भाई लाल कोल को 54336 मतों से हराया। पिछली बार यह सीट भाजपा ने जीती थी। इस बार यह भाजपा से गठबंधन के तहत अपना दल को मिली थी। बहराइच लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अक्षयवर लाल ने अपने निकटतम प्रत्याशी सपा—बसपा—रालोद गठबंधन के शब्बीर वाल्मीकि को लगभग एक लाख 28 हजार 669 मतों से हराया। कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री बाई फुले 34383 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहीं और अपनी जमानत नहीं बचा सकीं। दलीय स्थिति पर नजर डालें तो भाजपा अब तक 28 सीटें भाजपा जीत चुकी है, जबकि 34 सीटों पर उसके प्रत्याशी बढ़त बनाये हुए हैं। इसके अलावा बसपा पांच सीटें जीतने के साथ—साथ पांच सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। वहीं, अपना दल—सोनेलाल ने दो सीटें जीती हैं। सपा एक सीट जीत चुकी है जबकि चार पर आगे चल रही है। 

Web Title: Uttar Pradesh Lok Sabha Election result 2019 bjp win 60 plus, all you need to know