उत्तर प्रदेश : शुक्रवार से सदस्यता अभियान चलायेगी कांग्रेस, एक करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य

By भाषा | Published: November 24, 2021 05:42 PM2021-11-24T17:42:19+5:302021-11-24T17:42:19+5:30

Uttar Pradesh: Congress will run membership drive from Friday, aiming to make one crore new members | उत्तर प्रदेश : शुक्रवार से सदस्यता अभियान चलायेगी कांग्रेस, एक करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश : शुक्रवार से सदस्यता अभियान चलायेगी कांग्रेस, एक करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य

लखनऊ, 24 नवंबर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी संविधान दिवस, 26 नवंबर से राज्य में 15 दिवसीय सदस्यता अभियान शुरू कर रही है, जिसमें एक करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी 26 नवंबर, 2021, शुक्रवार से 15 दिन का सदस्यता महाअभियान चलायेगी। यह अभियान 10 दिसंबर 2021 तक चलेगा।

कांग्रेस ने बताया कि सदस्यता अभियान की शुरूआत संविधान दिवस पर हो रही है। इस दिन गांव, बस्तियों, वार्डों में ‘‘भीम चर्चा’’ और रात्रि भोज का आयोजन होगा। संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर के योगदान पर चर्चा होगी। ‘‘एक परिवार, नये सदस्य चार’’ के नारे के तहत 15 दिनों में कांग्रेस के एक करोड़ नये सदस्य बनाये जायेंगे।

उन्होंने बताया कि इसके तहत हर विधानसभा में न्याय पंचायतों या वार्डो के आधार पर पांच सदस्यीय टीमों का गठन होगा और प्रत्येक टीम का एक प्रभारी होगा। प्रदेश में लगभग 23,000 सदस्यता प्रभारी बनाये जायेंगे। हर टीम प्रतिदिन 25 नये सदस्य बनायेगी। इसके लिए मिस्ड कॉल नंबर पर नये सदस्य द्वारा मिस्ड कॉल कराना अनिवार्य होगा।

लल्लू ने बताया कि प्रत्येक जिला/शहर/नगर, जिले के सभी ब्लॉक, शहर/नगर के सभी वार्ड, सभी न्याय पंचायत एवं ग्राम सभा स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जायेगा। इसके लिए शहर के प्रमुख बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों आदि पर कैनोपी लगायी जाएगी।

उन्होंने बताया कि महिला कॉलेजों/महाविद्यालयों के सामने ‘‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’’ बैनर के तहत सदस्यता अभियान चलाते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का संदेश छात्राओं तक पहुंचाया जायेगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Uttar Pradesh: Congress will run membership drive from Friday, aiming to make one crore new members

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे