प्रधानमंत्री मोदी के साथ साबरमती आश्रम जाएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

By भाषा | Published: February 23, 2020 10:28 PM2020-02-23T22:28:05+5:302020-02-23T22:28:05+5:30

साबरमती आश्रम का महात्मा गांधी और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से गहरा संबंध रहा है। साबरमती आश्रम की यात्रा के दौरान ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनर भी उनके साथ होंगे। आधिकारिक सूत्रों ने ‘इस बात की पुष्टि की कि ट्रंप और उनका परिवार साबरमती आश्रम में कुछ वक्त बिताएगा जिसके बाद वे ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम के लिए मोटेरा स्टेडियम जाएंगे।

US President Donald Trump will visit Sabarmati Ashram with Prime Minister Modi | प्रधानमंत्री मोदी के साथ साबरमती आश्रम जाएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

साबरमती आश्रम को गांधी आश्रम के नाम से भी जाना जाता है जो 1917 से 1930 तक महात्मा गांधी का निवास स्थान था।

Highlightsडोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती आश्रम जाएंगे।इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी भी उनके साथ होंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को अपनी पहली भारत यात्रा के दौरान गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती आश्रम जाएंगे। अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त आशीष भाटिया ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से संयुक्त रोड शो के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप साबरमती आश्रम जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी भी उनके साथ होंगे।

आश्रम का महात्मा गांधी और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से गहरा संबंध रहा है। साबरमती आश्रम की यात्रा के दौरान ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनर भी उनके साथ होंगे। आधिकारिक सूत्रों ने ‘इस बात की पुष्टि की कि ट्रंप और उनका परिवार साबरमती आश्रम में कुछ वक्त बिताएगा जिसके बाद वे ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम के लिए मोटेरा स्टेडियम जाएंगे। इससे पहले ट्रंप के आश्रम आने को लेकर भ्रम बना हुआ था। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने शुक्रवार को कहा था कि इस यात्रा को लेकर व्हाइट हाउस को फैसला करना है।

भाटिया ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ट्रंप 24 फरवरी को पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पहुंचेंगे। यह घोषणा पहले ही हो चुकी है कि ट्रंप का विमान वाशिंगटन से सीधे यहां उतरेगा। हवाईअड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वह रोड शो शुरू करेंगे। पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘इसके बाद ट्रंप साबरमती आश्रम जाएंगे जहां वह कुछ समय के लिए ठहरेंगे। आश्रम से ही ट्रंप रोड शो जारी रखेंगे और फिर इंदिरा सेतु होते हुए मोटेरा स्टेडियम पहुंचेंगे।’’ प्रधानमंत्री मोदी और ट्रंप मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में ‘‘नमस्ते ट्रंप’’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

भाटिया ने बताया कि अहमदाबाद में भ्रमण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप के साथ होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे वह आगरा के लिए रवाना होंगे।’’ इस बीच हाई प्रोफाइल यात्रा को देखते हुए आश्रम में तैयारियां जोर शोर पर हैं। साबरमती आश्रम को गांधी आश्रम के नाम से भी जाना जाता है जो 1917 से 1930 तक महात्मा गांधी का निवास स्थान था। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे समेत दुनिया के कई नेता हाल के वर्ष में साबरमती आश्रम आ चुके हैं। आश्रम के सचिव अमृत मोदी ने कहा कि ट्रंप वहां करीब 15 मिनट रहेंगे।

मोदी ने बताया, ‘‘ट्रंप ‘हृदय कुंज’ जाएंगे। आश्रम से रवाना होने से पहले वहां वह करीब 15 मिनट वहां रहेंगे। अगर उनकी इच्छा हुई तो वह चरखा भी चलाएंगे। हालांकि कार्यक्रम का समय 15 मिनट ही रखा गया है।’’ उन्होंने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति को गांधी जी और आत्मनिर्भरता के प्रतीक चरखे के महत्व के बारे में बताया जाएगा।

मोदी ने कहा, ‘‘हमलोग उन्हें एक कॉफी टेबल बुक और गांधी के 150 उद्धरणों वाली एक पुस्तक भी भेंट करेंगे।’’ ‘हृदय कुंज’ आश्रम परिसर का वह हिस्सा है जहां स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी और उनकी पत्नी कस्तूरबा गांधी 1917 से 1930 तक करीब 12 वर्ष रहे। तैयारियों के तहत आश्रम के बाहर प्रधानमंत्री मोदी का एक बड़ा कटआउट लगाया गया है। 

Web Title: US President Donald Trump will visit Sabarmati Ashram with Prime Minister Modi

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे