उपेंद्र कुशवाहा के बयान से बिहार की राजनीति गर्म, कहा- महागठबंधन में जाने से पहले राजद से डील हुई थी

By शिवेंद्र राय | Published: January 24, 2023 02:49 PM2023-01-24T14:49:01+5:302023-01-24T14:50:41+5:30

बिहार में ये अटकलें लगाई जा रही हैं कि उपेंद्र कुशवाहा अपनी पुरानी पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) को फिर से खड़ा कर सकते हैं। हालांकि, उपेंद्र कुशवाहा ने इन अटकलों को खारिज किया है।

Upendra Kushwaha said a deal was struck with RJD before joining mahagathbandhan | उपेंद्र कुशवाहा के बयान से बिहार की राजनीति गर्म, कहा- महागठबंधन में जाने से पहले राजद से डील हुई थी

उपेंद्र कुशवाहा (फाइल फोटो)

Highlightsबिहार में फिर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मीउपेंद्र कुशवाहा के भाजपा के साथ जाने की अटकलेंउपेंद्र कुशवाहा बोले- नीतीश कुमार को कमजोर किया जा रहा है

पटना: भाजपा में जाने की अटकलों के बीच जदयू के संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के एक बयान से बिहार की राजनीति में भूचाल आया हुआ है। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि महागठबंधन में जाने से पहले जदयू के कुछ नेताओं ने राजद के साथ डील की थी। ये सब नीतीश कुमार को कमजोर करने के लिए किया गया। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा,  "मुझे नीतीश जी बुलाएं। मैं सब कुछ साफ कर दूंगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष बुलाएं, उनके सामने सब कुछ रख दूंगा। क्यों राजद के लोग कह रहे हैं कि उनके नेता को शपथ दिलाई जाए? मुख्यमंत्री अभी चेत जाएं नहीं तो मुश्किल होगी।"

उपेंद्र कुशवाहा ने ये बातें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर उनको श्रद्धा सुमन अर्पित करने के दौरान कहीं। उपेंद्र कुशवाहा ने ये भी कहा कि कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर आयोजित सरकार के कार्यक्रम में उनको नहीं बुलाया गया था इसलिए वह खुद कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धा सुमन अर्पित करने पहुंचे। बीते कुछ दिनों से  उपेंद्र कुशवाहा की भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हैं। पिछले हफ्ते जब उपेंद्र कुशवाहा दिल्ली के एम्स में भर्ती थे, तो भाजपा के कुछ नेता उनसे मिलने भी पहुंचे थे। हालांकि, उपेंद्र कुशवाहा ने इन अटकलों को खारिज किया है। 

महागठबंधन के बारे में उपेंद्र कुशवाहा के लगातार आ रहे बयानों के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बयान भी आया था। नीतीश कुमार ने सुभाष चंद्र बोस की जयंती के मौके पर आयोजित राजकीय समारोह के दौरान कहा, "हम लोग इन सब चीजों को नहीं देखते हैं। उपेंद्र कुशवाहा को जो मन करे वह बोलें। जदयू के कौन-कौन नेता भाजपा के संपर्क में हैं, इसका जवाब कुशवाहा ही दे सकते हैं।"

बता दें कि बिहार में ये अटकलें  लगाई जा रही हैं कि उपेंद्र कुशवाहा अपनी पुरानी पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) को फिर से खड़ा कर सकते हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अगले महीने फरवरी में 22 तारीख को बिहार दौरे पर जाने वाले हैं। माना जा रहा है कि अमित शाह के बिहार दौरे से पहले उपेंद्र कुशवाहा की स्थिति स्पष्ट हो सकती है कि वह फिर से भाजपा के साथ जाएंगे या नहीं।

Web Title: Upendra Kushwaha said a deal was struck with RJD before joining mahagathbandhan

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे