यूपी: समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान पर पुलिस से झड़प का मामला दर्ज
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: June 4, 2023 11:19 AM2023-06-04T11:19:42+5:302023-06-04T11:24:26+5:30
उत्तर प्रदेश पुलिस ने सरधना से समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान सहित 15 अन्य के खिलाफ बागपत कोतवाली में पुलिस को आधिकारिक ड्यूटी करने से रोकने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

यूपी: समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान पर पुलिस से झड़प का मामला दर्ज
लखनऊ: यूपी की बागपत पुलिस ने सरधना से समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान सहित 15 अन्य के खिलाफ बागपत कोतवाली में पुलिस को आधिकारिक ड्यूटी करने से रोकने के आरोप में मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि यह प्रकरण उस वक्त का है, जब सपा विधायक प्रधान अपने समर्थकों के साथ सहारनपुर जा रहे थे और पुलिस उन्हें रोकने का प्रयास कर रही थी।
बताया जा रहा है कि विधायक प्रधान ने बागपत पुलिस पर खुद के साथ दुर्व्यवहार करने, मारपीट करने का आरोप लगाया है और इस पूरे मामले की जानकारी उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को भी दी है। इस संबंध में सपा विधायक ने कहा कि वह पुलिसकर्मियों द्वारा किये गये दुर्व्यवहार की शिकायत भी दर्ज कराएंगे। घटना से बेहद आहत विधायक अतुल प्रधान ने सड़क पर धरना भी दिया। जिसके बाद उन्हें और उनके समर्थकों को मेरठ पुलिस लाइन लाया गया और बाद में उन्हें रिहा किया गया।
इस संबंध में बागपत के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि सपा विधायक अतुल प्रधान और 15 अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 353 (एक लोक सेवक को आधिकारिक कर्तव्य का निर्वहन करने से रोकना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि विधायक प्रधान को मविकला गांव में पुलिस द्वारा रोका गया और बताया गया कि उन्हें सहारनपुर जाने की अनुमति नहीं है, लेकिन उन्होंने बैरियर तोड़ दिया और बाद में आगे बढ़ते हुए मुजफ्फरनगर जिले के सिसाना गांव के पास रुक गए।
इसके साथ ही एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने सपा विधायक प्रधान द्वारा पुलिस पर लगाए गए आरोपों का खंडन किया और कहा कि बागपत पुलिस के किसी भी पुलिसकर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार नहीं किया।
मालूम हो कि गुर्जर समुदाय के सदस्यों और नेताओं ने 29 मई को निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र में सम्राट मिहिर भोज गौरव यात्रा निकाली थी। जिसका ठाकुर समुदाय के विरोध के बाद विवाद खड़ा हो गया, जिन्होंने गुर्जरों पर इतिहास को विकृत करने का आरोप लगाया और दावा किया कि सम्राट मिहिर भोज एक राजपूत राजा थे। पुलिस ने रैली में शामिल होने जा रहे गुर्जर और ठाकुर नेताओं के प्रवेश को रोकने के लिए मुजफ्फरनगर से सटे सहारनपुर की सीमा को सील कर दिया था, जिसमें सपा विधायक प्रधान भी मौजूद थे।