यूपी: वायरल वीडियो में नाबालिग दलित लड़के को पैर चाटने के लिए मजबूर किया गया, पिटाई की गई, सात गिरफ्तार
By विशाल कुमार | Published: April 19, 2022 11:23 AM2022-04-19T11:23:00+5:302022-04-19T11:27:02+5:30
पुलिस का कहना है कि घटना 10 अप्रैल को हुई और पीड़ित की लिखित शिकायत के बाद गिरफ्तारियां की गईं। मामले के कुछ आरोपी तथाकथित ऊंची जातियों के हैं। पीड़ित 10वीं कक्षा का छात्र है और अपनी विधवा मां के साथ रहता है।
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में जाति आधारित हिंसा के एक मामले में दलित समुदाय के एक नाबालिग लड़के से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस का कहना है कि घटना 10 अप्रैल को हुई और पीड़ित की लिखित शिकायत के बाद गिरफ्तारियां की गईं। मामले के कुछ आरोपी तथाकथित ऊंची जातियों के हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक 2 मिनट 30 सेकेंड के वीडियो में लड़का सजा मिलने के कारण अपने कानों पर हाथ रखकर जमीन पर बैठा हुआ है और उसे एक आरोपी का पैर चाटने के लिए मजबूर किया गया।
वहीं, आरोपियों को मोटरसाइकिल पर बैठकर हंसते हुए देखा जा सकता है जबकि लड़का जमीन पर बैठे हुए कांप रहा है। एक आरोपी लड़के से ठाकुर बोलने के लिए कहता है और फिर गाली देता है। वहीं, एक अन्य आरोपी पूछका है, दोबारा ऐसी गलती करेगा। एक अन्य वीडियो में आरोपी लड़के पर गांजा बेचने का आरोप लगाते हैं और लड़का डर के कारण कुबूल करता है।
पीड़ित 10वीं कक्षा का छात्र है और अपनी विधवा मां के साथ रहता है। स्थानीय रिपोर्टों से पता चलता है कि पीड़ित की मां ने कुछ आरोपियों के खेतों में काम किया था और लड़का उनसे उक्त काम के लिए पैसे मांग रहा था।