अतरौली से कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह लड़ेंगे चुनाव, इस सीट से उनके दादा 8 बार जीत चुके हैं विधायकी
By रुस्तम राणा | Published: January 15, 2022 02:39 PM2022-01-15T14:39:03+5:302022-01-16T06:40:21+5:30
संदीप सिंह फिलहाल योगी सरकार में मंत्री पद पर हैं। उन्होंने साल 2017 का चुनाव भी यहीं से लड़ा था और जीत हासिल की थी।
लखनऊ:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से शनिवार को पहले चरण के 57 और दूसरे चरण के 38 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई। इसमें अलीगढ़ की अतरौली विधानसभा सीट से बीजेपी ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह को टिकट दिया है।
यानी अब कल्याण सिंह की विरासत एकबार फिर से उनके पोते के जिम्मे है। बताते चलें कि कल्याण सिंह इस सीट से 8 बार विधायक रहे हैं। संदीप सिंह फिलहाल योगी सरकार में मंत्री पद पर हैं। उन्होंने साल 2017 का चुनाव भी यहीं से लड़ा था और जीत हासिल की थी। पिछली साल 1967 से अतरौली विधानसभा कल्याण सिंह की कर्मभूमि रही है। अतरौली विधानसभा से ही निकलकर वे यूपी के सीएम भी बने।
वहीं भारतीय जनता पार्टी की इस बेबी रानी मौर्य का भी नाम शामिल है। पार्टी ने उन्हें आगरा ग्रामीण से प्रत्याशी घोषित किया है। बेबी रानी मौर्य के उत्तराखंड राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के बाद ही कयास लगाए जा रहे थे कि वह विस चुनाव लड़ेंगी। राज्यपाल बनने से पहले वे आगरा की मेयर पद पर भी रह चुकी हैं।
इसके अलावा पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर से और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को कौशांबी की सिराथू सीट से चुनावी मैदान में उतारने की घोषणा की है। इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने कभी भी विधानसभा का इलेक्शन नहीं लड़ा है। योगी अभी विधानपरिषद के सदस्य हैं।
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान होना है। इसकी शुरुआत 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी। दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा। तीसरे चरण में 59 सीटों पर, 23 फरवरी को चौथे चरण में 60 सीटों पर, 27 फरवरी को पांचवें चरण में 60 सीटों पर, तीन मार्च को छठे चरण में 57 सीटों पर और 7 मार्च को सातवें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित होंगे।