उदित राज ने अरविंद केजरीवाल से पूछा, 'आपके आदर्श भगत सिंह तो नास्तिक थे और डॉ अम्बेडकर ने हिंदू धर्म छोड़ दिया था, आप कहां पर हैं?'
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: October 7, 2022 08:18 PM2022-10-07T20:18:04+5:302022-10-07T20:22:38+5:30
कांग्रेस नेता उदित राज ने ट्विटर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधने के लिए महान क्रांतिकारी भगत सिंह और संविधान के जनक डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर का सहारा लिया है।

फाइल फोटो
दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉक्टर उदित राज बीते दो दिनों से अपनी विवादित टिप्पणियों के कारण सियासी गलियारों में खासे चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। 5 अक्टूबर को ट्विटर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने वाले उदित राज ने अब अपने नये ट्वीट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधने के लिए महान क्रांतिकारी भगत सिंह और संविधान के जनक डॉ भीमराव अम्बेडकर का सहारा लिया है।
डॉक्टर उदित राज ने अपने ताजा ट्वीट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की धार्मिक प्रतिबद्धता के बारे में उत्कंठा दिखाते हुए कहा, "अरविंद केजरीवाल जी के दो ही आदर्श हैं-डॉ अम्बेडकर और भगत सिंह। भगत सिंह नास्तिक थे और डॉक्टर अम्बेडकर हिंदू धर्म छोड़े। केजरीवाल क्या हैं?"
अरविंद केजरीवाल जी के दो ही आदर्श हैं-डॉ अम्बेडकर और भगत सिंह। भगत सिंह नास्तिक थे और डॉ अम्बेडकर हिंदू धर्म छोड़े।केजरीवाल क्या हैं?
— Dr. Udit Raj (@Dr_Uditraj) October 7, 2022
दरअसल आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भाजपा ने भी उस वक्त घेरने की कोशिश की, जब उनकी सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने एक ऐसे कार्यक्रम में शिरकत की, जहां मौजूद लोग हिंदू धर्म के बहिष्कार की शपथ ले रहे थे।
अब सीएम केजरवील के लिए यह मामला इसलिए गले की फांस बनता जा रहा है क्योंकि वो स्वयं अक्सर कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में मत्था टेकते हुए दिखाई देते हैं। उसके अलावा उनकी सरकार के द्वारा दिल्ली के वरिष्ठ नागरिकों को कई हिंदू तीर्थस्थानों पर मुफ्त भ्रमण की योजनाएं भी चलाई जा रही हैं।
मंत्री राजेंद्र पाल गौतम के संबंध में सूबे की मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने मुख्यमंत्री केजरीवाल पर तीखी हमला करते हुए सफाई मांगी है और उनके हिंदू धर्म के प्रति अपने रूख को स्पष्ट करने की मांग की है।
दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री केजरीवाल सरकार हमला करते हुए कहा कि यह दंगा कराने की कोशिश है। यह अरविंद केजरीवाल का क्रूर चेहरा है और अगर ऐसा नहीं है तो वे अपने मंत्री को 24 घंटे में निलंबित करें। अगर वे ऐसा नहीं करते तो यह उनका ही बयान माना जाएगा। हम उनकी पुलिस में शिकायत करने जा रहे हैं।