यमुना एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक से टकराई कार, 7 सवार में से 5 की मौत, 2 की हालत गंभीर, सीएम ने दुख जताया
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: May 12, 2022 01:15 PM2022-05-12T13:15:55+5:302022-05-12T13:21:25+5:30
थाना प्रभारी ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे के चलते काफी देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मौके से हटा दिया है।
नोएडाः गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बृहस्पतिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। जेवर के थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि हादसा गुरुवार तड़के करीब पांच बजे हुआ। इस हादसे में कार में सवार सात लोग घायल हो गए, जिन्हें जेवर स्थित कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों की हालत नाजुक है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में महाराष्ट्र के पुणे जिले के चंद्रकांत बुराड़े (68), स्वर्ण बुराड़े (59), मलन कुंभार (68), रंजना पवार (60) और कर्नाटक के बेलगाम के नुवंजन मुजावर (53) की मौत हो गई। महाराष्ट्र के सतारा जिले के नारायण कोलेकर (40) और कर्नाटक के बेलगाम की सुनीता गस्टे (35) हादसे में घायल हो गईं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ महिंद्रा बोलेरो (कार) में सात लोग सवार थे। वे आगरा से नोएडा की ओर आ रहे थे। जेवर टोल प्लाजा के पास उनकी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई।’’
उत्तर प्रदेश: करीब सुबह 5 बजे थाना जेवर क्षेत्रांतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगरा से नोएडा जाते समय एक ट्रक(डम्फर) में पीछे से एक गाड़ी टकरा गई। गाड़ी में 7 व्यक्ति सवार थे। दुर्घटना में 5 लोगों की मृत्यु हो गई है तथा 2 लोगों का कैलाश अस्पताल, जेवर में उपचार चल रहा है। pic.twitter.com/1leEV3Rup9
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 12, 2022
थाना प्रभारी ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे के चलते काफी देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मौके से हटा दिया है। इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताया तथा गौतमबुद्ध नगर जिले के अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर दो वाहनों की टक्कर में पांच लोगों की मौत होने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की है।’’