Top News: भारत-चीन मुद्दे पर संसद में बयान दे सकते हैं राजनाथ सिंह, पढ़ें आज की बड़ी खबरें
By विनीत कुमार | Published: September 15, 2020 06:38 AM2020-09-15T06:38:44+5:302020-09-15T06:38:44+5:30
Top News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार में 7 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। बिहार में इसी साल नवंबर में विधानसभा चुनाव भी हैं। दूसरी ओर संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत-चीन मुद्दे पर बयान दें सकते हैं।
बिहार के लिए 541.करोड़ रुपए के 7 परियोजनाओं का शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज को बिहार में शहरी अवसंरचना से जुड़ी सात महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से होने वाले इस समारोह के दौरान जिन परियोजनाओं का शिलान्यास होना है उनमें से चार परियोजनाएं जल आपूर्ति से संबंधित है, दो जल-मल शोधन संयंत्र और एक परियोजना रिवर फ्रंट डेवलपमेंट से संबंधित है। इन सभी परियोजनाओं की लागत 541 करोड़ है।
भारत-चीन मुद्दे पर बयान दे सकते हैं राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास भारत और चीनी सैनिकों के बीच जारी गतिरोध को लेकर आज संसद में बयान दे सकते हैं। विपक्ष द्वारा इस मुद्दे पर चर्चा कराये जाने की मांग के बीच यह बयान काफी महत्व रखता है। राजनाथ की हाल में मॉस्को में चीन के रक्षा मंत्री वेई फेंगहे के साथ मुलाकात भी हुई थी। कुछ दिन पहले विदेश मंत्री जयशंकर की भी चीन के उनके समकक्ष वांग यी के साथ मुलाकात हुई थी।
संसद के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन
कोरोना संकट के बीच सोमवार से शुरू हुए संसद के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन होगा। इस बीच की गई कोविड-19 जांच में करीब 30 सांसद और संसद के 50 से अधिक कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित पाए गए सभी सांसदों और कर्मचारियों से संसद न आने और क्वारंटीन में जाने के लिए कहा गया है। मानसून सत्र एक अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान कोविड-19 महामारी को देखते हुए पालियों में होंगी। राज्यसभा की बैठक सुबह और लोकसभा की बैठक दोपहर को होगी।
पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन की आखिरी तारीख
साल 2021 के पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन की ऑनलाइन प्रक्रिया आज तक उपलब्ध रहेगी। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन अथवा सिफारिशें केवल ऑनलाइन ही स्वीकार की जा रही हैं। नामांकन अथवा सिफारिशों की अंतिम तारीख 15 सितंबर है। पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं। हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर इन पुरस्कारों की घोषणा की जाती है।
केंद्र सरकार ने प्याज के निर्यात पर लगाया बैन
केंद्र सरकार ने प्याज की सभी किस्मों के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से बैन लगा दिया है। इसकी वजह घरेलू बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ाना और कीमतों पर नियंत्रण रखना है। दरअसल कर्नाटक-महाराष्ट्र में बारिश से काफी फसल बर्बाद हो गई है। इससे प्याज की कीमतें बढ़ी हैं। देश में महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात मुख्य उत्पादक हैं।