टीएनसीसी प्रमुख, कनिमोई ने कांग्रेस सांसद पर पुलिस कार्रवाई की निंदा की

By भाषा | Published: February 20, 2021 07:31 PM2021-02-20T19:31:12+5:302021-02-20T19:31:12+5:30

TNCC chief, Kanimoi condemned police action on Congress MP | टीएनसीसी प्रमुख, कनिमोई ने कांग्रेस सांसद पर पुलिस कार्रवाई की निंदा की

टीएनसीसी प्रमुख, कनिमोई ने कांग्रेस सांसद पर पुलिस कार्रवाई की निंदा की

चेन्नई, 20 फरवरी कांग्रेस सांसद एस जोतिमणि को करूर में गिरफ्तार किये जाने की कार्रवाई की शनिवार को उनकी पार्टी सहित द्रमुक ने निंदा की। राज्य की दोनों विपक्षी पार्टियों ने इसे ‘‘दमनकारी कार्रवाई’’ करार दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि महात्मा गांधी की प्रतिमा हटाये जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रही सांसद के खिलाफ पुलिस ने बल प्रयोग किया।

द्रमुक सांसद कनिमोई ने दावा किया कि करूर में मुख्यमंत्री के.पलानीस्वामी के आगमन ने पुलिस को इस शर्मनाक कार्रवाई के लिए उकसाया था।

वहीं, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) के प्रमुख के. एस. अलागिरि ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दमनकारी और अमानवीय तरीकों का सहारा लिया।

महात्मा गांधी की एक आवक्ष प्रतिमा हटाये जाने और उसकी जगह पर एक नयी कांस्य प्रतिमा लगाये जाने के फैसले के खिलाफ कथित तौर पर प्रदर्शन कर रहीं करूर से लोकसभा सदस्य जोतिमणि को गिरफ्तार कर लिया गया।

करूर नगर निकाय ने जीर्णोद्धार का हवाला देते हुए प्रतिमा हटाई। वहीं, 21 फरवरी को अनावरण के लिए एक नयी प्रतिमा तैयार कर ली गई है।

कनिमोई ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मैं गांधीजी की प्रतिमा हटाये जाने के खिलाफ करूर में कांग्रेस सांसद जोतिमणि और द्रमुक के प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी करने में पुलिस द्वारा किये गये बल प्रयोग की निंदा करती हूं। ’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मुख्यमंत्री के आगमन ने पुलिस को इस शर्मनाक कार्रवाई के लिए उकसाया। यह अन्नाद्रमुक की अलोकतांत्रिक कार्यशैली को उजागर करता है। ’’

अलागिरि ने दावा कि कि उनकी पार्टी की सांसद शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रही थीं।

उन्होंने यहां एक बयान में कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जोतिमणि प्रदर्शन कर रही थीं।

उन्होंने बयान में आरोप लगाया, ‘‘पुलिस द्वारा (जोतिमणि को) गिरफ्तार किया जाना दमनकारी और अमानवीय था।’’

करूर में अपनी गिरफ्तारी से पहले जोतिमणि ने दावा किया कि गांधी जी की पुरानी प्रतिमा करीब 70 साल पुरानी थी, ‘‘लेकिन बगैर कोई वैध कारण बताए शुक्रवार को इसे हटा दिया गया। ’’

जोतिमणि ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री पलानीस्वामी के शासन में महिला सुरक्षा कहां है, जहां एक महिला सांसद से इस तरह का असम्मानजक व्यवहार किया जाता है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि नयी प्रतिमा निर्माण कार्य दोयम दर्जे का है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यदि दोयम दर्जे का निर्माण कार्य ढह गया तो, लोगों का जीवन खतरे में पड़ जाएगा। ’’

तेलंगाना के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस समिति प्रभारी मणिकम टैगोर ने भी गिरफ्तारी की निंदा की और संबद्ध अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस सेवादल ने इस कार्रवाई को राज्य सरकार का अत्याचारी रवैया बताते हुए निंदा की।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: TNCC chief, Kanimoi condemned police action on Congress MP

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे