पांचवां चरणः उत्तर प्रदेश से चुनावी मैदान में राजनाथ सिंह, राहुल गांधी, सोनिया गांधी सहित कई दिग्गज
By सतीश कुमार सिंह | Updated: May 5, 2019 16:58 IST2019-05-05T16:58:24+5:302019-05-05T16:58:24+5:30
निर्वाचन आयोग के सूत्रों के मुताबिक पांचवें चरण में प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। वर्ष 2014 के पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इन 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। बाकी बची अमेठी और रायबरेली सीटें कांग्रेस के खाते में गयी थीं।

इस चरण में रायबरेली, अमेठी, लखनऊ और फतेहपुर की सीटों पर भी वोटिंग हो रही है।
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सोमवार को होने वाला मतदान केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी समेत कई सियासी महारथियों का राजनीतिक भाग्य तय करेगा। निर्वाचन आयोग के सूत्रों के मुताबिक पांचवें चरण में प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा।
मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। वर्ष 2014 के पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इन 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। बाकी बची अमेठी और रायबरेली सीटें कांग्रेस के खाते में गयी थीं।
पांचवें चरण में धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज (सुरक्षित), लखनऊ, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (सुरक्षित), बाराबंकी (सुरक्षित), फैजाबाद, बहराइच (सुरक्षित), कैसरगंज और गोण्डा सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में करीब दो करोड़ 47 लाख मतदाता कुल 182 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर सकेंगे।
सपा—बसपा—रालोद गठबंधन ने अमेठी और रायबरेली सीटों पर अपने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं। पांचवें चरण के चुनाव में केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह (लखनऊ), कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (अमेठी), संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी (रायबरेली), केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (अमेठी), पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद (धौरहरा) और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री (फैजाबाद) जैसे छत्रपों की प्रतिष्ठा दांव पर है।
राजनाथ लखनऊ सीट से एक बार फिर संसद पहुंचने की कोशिश में हैं, वहीं उनकी मंत्रिमण्डलीय सहयोगी स्मृति ईरानी नेहरू—गांधी परिवार के दुर्ग यानी अमेठी को भेदने के लिये पूरा जोर लगा रही हैं। पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद एक बार फिर धौरहरा सीट से मैदान में हैं। इसी सीट से कभी चम्बल के कुख्यात डकैत रहे मलखान सिंह को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
लोकसभा चुनाव: सबसे ज्यादा महिला उम्मीदवार मैदान में
17वीं लोकसभा चुनने के लिए 6 मई को सात राज्यों की 51 सीटों पर मतदान होगा। 2014 में बीजेपी को इन 51 सीटों में से 39 पर जीत मिली थी। हालांकि बीजेपी ने इस बार बड़ा फैसला लेते हुए अपने 15 सांसदों के टिकट काट दिए हैं। बीजेपी के लिए इस चरण में चुनौती वो 12 सीटें भी है, जहां वह कभी भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है।
इस चरण में रायबरेली, अमेठी, लखनऊ और फतेहपुर की सीटों पर भी वोटिंग हो रही है। इन चारों सीटों से देश के पीएम को चुना गया है। रायबरेली से चुनाव जीतकर इंदिरा गांधी देश की पीएम बनी थी। अमेठी से सांसद बनकर राजीव गांधी देश के पीएम बने। अटल बिहारी वाजपेयी जब तीसरी बार पीएम बने थे तो उन्होंने लखनऊ से चुनाव लड़ा था। इसके अलावा वीपी सिंह फतेहपुर से चुनाव जीतकर देश के पीएम बने।
सबसे ज्यादा महिला उम्मीदवार
पांचवें चरण में 12 फीसदी महिला उम्मीदवार मैदान में किस्मत आजमा रही हैं, जो कि बाकी चरणों की तुलना में सबसे ज्यादा है। पांचवें चरण में समाजवादी पार्टी ने लखनऊ से पूनम सिन्हा को टिकट दिया है और वह इस चरण की सबसे अमीर उम्मीदवार भी हैं।
20 लोकसभा सीटों पर रेड अलर्ट
पांचवें चरण की 51 में से 20 सीटों को रेड अलर्ट जोन में रखा गया है। इसका मतलब यह हुआ कि इन सीटों पर किस्मत आजमा रहे 3 या उससे अधिक उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।