UP Election Result 2022: स्वामी प्रसाद मौर्य, धर्म सिंह सैनी हारे, दारा सिंह हुए विजयी, जानें अन्य दलबदलुओं का भी हाल
By रुस्तम राणा | Published: March 10, 2022 09:08 PM2022-03-10T21:08:09+5:302022-03-10T21:08:09+5:30
कमल के फूल को छोड़कर साइकिल पर चढ़ने वाले बागी विधायक धर्म सिंह सैनी को हार का सामना करना पड़ा है। सूबे के सहारनपुर जिले की नकुड़ विधानसभा सीट पर, कांटे की टक्कर में बीजेपी के मुकेश चौधरी ने धर्म सिंह सैनी को हरा दिया।

UP Election Result 2022: स्वामी प्रसाद मौर्य, धर्म सिंह सैनी हारे, दारा सिंह हुए विजयी, जानें अन्य दलबदलुओं का भी हाल
लखनऊ:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के आए नतीजो में फाजिलपुर सीट से भाजपा का दाम छोड़कर सपा में जाने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव हार गए हैं। वे बीजेपी उम्मीदर सुरेंद्र कुशवाह से हार रहे हैं। परिणाम के बाद मौर्य ने ट्वीट करते हुए कहा, समस्त विजयी प्रत्याशियों को बधाई। जनादेश का सम्मान करता हूँ। चुनाव हारा हूँ, हिम्मत नहीं। संघर्ष का अभियान जारी रहेगा। मालूम हो कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा को नेस्तनाबूत करने का ऐलान किया था।
चुनाव से पहले मंत्री पद इस्तीफा देकर स्वामी प्रसाद मौर्य समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे। उनके बाद बीजेपी से कुछ अन्य विधायकों और मंत्रियों ने भी इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन छोड़ दिया था। उनमें धर्म सिंह सैनी भी शामिल थे। कमल के फूल को छोड़कर साइकिल पर चढ़ने वाले बागी विधायक धर्म सिंह सैनी को हार का सामना करना पड़ा है।
सूबे के सहारनपुर जिले की नकुड़ विधानसभा सीट पर, कांटे की टक्कर में बीजेपी के मुकेश चौधरी ने धर्म सिंह सैनी को हरा दिया। हालांकि दारा सिंह चौहान चुनाव जीत गए हैं। जो योगी मंत्रिमंडल में शामिल थे, लेकिन चुनाव से ठीक पहले उन्होंने बीजेपी को अलविदा कह दिया था।
सपा से भाजपा में आए हरिओम यादव भी हार गए। उधर, विनय शंकर तिवारी, जो बसपा छोड़कर सपा के टिकट से चिल्लूपार से चुनाव लड़े थे और हार गए। अवतार सिंह भड़ाना ने भी चुनावों से पहले भाजपा को छोड़ सपा-आरएलडी गठबंधन का दामन थाम लिया था। उन्हें भी हार का सामना करना पड़ा है।
वहीं बलिया के सुरेंद्र सिंह बैरिया से टिकट न मिलने पर वीआईपी पार्टी से हार गए। कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हुईं सुप्रिया ऐरन बरेली कैंट से हार गईं। भाजपा से सपा में आई सुभावती शुक्ला गोरखपुर शहर से भी चुनाव हार गईं।
आजमगढ़ के मुबारकबाद सीट पर दो बार के विधायक रहे शाह आलम गुड्डू जमाली भी चुनाव हार गए हैं। जमाली चुनाव से पहले बसपा छोड़कर सपा में शामिल हुए थे। श्रावस्ती सीट विधायक असलम राइनी भी जीत नहीं सके। उन्होंने भी बसपा से इस्तीफा देकर सपा का दामन थामा था। हरिशंकर तिवारी भी हार गए हैं। तिवारी ने बसपा छोड़कर सपा में शामिल हुए थे।
कांग्रेस से बीजेपी में आने वाली अदिति सिंह जीत गई हैं। वहीं लालजी वर्मा जो बसपा छोड़कर सपा में शामिल हुए थे वह अंबेडकरनगर की कटेहरी सीट से चुनाव जीत गए। इसके साथ ही रामअचल राजभर ने भी जीत दर्ज की है।