सुशील मोदी का ललन सिंह पर पलटवार, बोले- 'आपके आका नीतीश कुमार आपकी भी वही दशा करेंगे, जो जॉर्ज फर्नांडीस, शरद यादव और आरसीपी सिंह का किया'
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: September 25, 2022 05:05 PM2022-09-25T17:05:15+5:302022-09-25T17:09:23+5:30
सुशील मोदी ने ललन सिंह के आरोपों को उन्हीं की भाषा शैली में जवाब देते हुए एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए कहा कि 2024 में वो जिस लालू यादव के साथ महागठबंधन बनाकर भाजपा को घेरने की कवायद में हैं, वो ही लालू यादव जदयू की नाव डूबो देंगे।
पटना: भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने ललन सिंह द्वारा किये हमले का जवाब देते हुए उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा जॉर्ज फर्नांडीस, शरद यादव और आरसीपी सिंह जैसा हश्र किये जाने की चेतावनी दी है।
नीतीश सरकार में कभी उपमुख्यमंत्री रहे सुशील मोदी ने ललन सिंह के आरोपों को उन्हीं की भाषा शैली में जवाब देते हुए एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए कहा कि 2024 में वो जिस लालू यादव के साथ महागठबंधन बनाकर भाजपा को घेरने की कवायद कर रहे हैं, वो ही लालू यादव जदयू की नाव डूबो देंगे।
ललन सिंह द्वारा किये ट्वीट का ट्वीट से जवाब देते हुए सुशील मोदी ने कहा, "आपके आका मुख्यमंत्री आपकी वही दशा करेंगे जो जार्ज, शरद, आरसीपी कि की है? 2024 में लालू प्रसाद बिहार को जदयू मुक्त करेंगे। इंतजार कीजिए।"
आपके आका मुख्यमंत्री आपकी वही दशा करेंगे जो जार्ज, शरद, आरसीपी कि की है? 2024 में लालू प्रसाद बिहार को जदयू मुक्त करेंगे..... इंतजार कीजिए।
— Sushil Kumar Modi (@SushilModi) September 25, 2022
दोनों ओर से चल रही तीखी टिप्पणियों के बीच बिहार की सियासत पूरे उबाल पर है। जदयू-भाजपा एक-दूसरे को घेरने का कोई मौके छोड़ नहीं रहे हैं। सुशील मोदी ने अपने ट्वीट में जिन जॉर्ज फर्नांडीस, शरद यादव और आरसीपी सिंह का जिक्र किया है, वो किसी जमाने में जदयू और उससे पहले समता पार्टी में हुआ करते थे लेकिन कथिततौर पर नीतीश कुमार के कारण उन्हें पार्टी से बाहर होना पड़ा था।
सुशील मोदी उसी बात का जिक्र करते हुए ललन सिंह को घेरने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्होंने सुशील मोदी पर हमला करते हुए ट्वीट किया था, "सुशील मोदी जी तथ्यों का जवाब तथ्यों से दीजिए। आपके आका गृहमंत्री अमित शाह जी जुमलेबाज़ी कर रहे हैं। अब देश जुमलेबाज़ी से नहीं हक़ीक़त से चलेगा। 2024 में देश भाजपामुक्त होगा। इंतजार कीजिए।"
श्री @SushilModi जी, तथ्यों का जवाब तथ्यों से दीजिए :-
— Rajiv Ranjan (Lalan) Singh (@LalanSingh_1) September 25, 2022
1)....13).........आपके आका गृहमंत्री श्री @AmitShah जी जुमलेबाज़ी कर रहे हैं अब देश जुमलेबाज़ी से नहीं हक़ीक़त से चलेगा। 2024 में देश भाजपामुक्त होगा...इंतजार कीजिए।#भाजपामुक्त_भारत#Mission_2024https://t.co/6r3cHs6X4Bpic.twitter.com/1jjkfwMgA9
दरअसल दोनों दलों के बीच चल रहे सियासी जंग में उस वक्त तेजी आ गई, जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बिहार के मुस्लिम बहुल सीमांचल का दौरा किया और नीतीश कुमार पर जमकर हमला करते हुए उन्हें पीएम पद की महत्वाकांक्षा पालने वाला और भाजपा को धोखा देने वाले शख्स के तौर पर रेखांकित किया।
वहीं अमित शाह के आरोपों का जवाब देते हुए जदयू ने कहा कि अमित शाह ने साजिश करके नीतीश कुमार को महागठंधन से अलग करवा दिया और बाद में उनकी जड़ खोदने के लिए आरपीसी सिंह को पीछे लगा दिया था।