चाचा और भतीजा को कुढ़नी में सबक सिखायेंगे साधु यादव! राजद को बताया भाजपा की 'बी टीम'
By एस पी सिन्हा | Published: November 25, 2022 02:22 PM2022-11-25T14:22:19+5:302022-11-25T14:25:10+5:30
बिहार में कुढ़नी विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच साधु यादव ने दावा किया है कि कुढ़नी में महागठबंधन की हार तय है।
पटना: बिहार में कुढ़नी विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए सभी दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। हालांकि कु़ढ़नी में चाचा और भतीजे यानि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के मंसूबों पर पानी फेरने के लिए साधु यादव कमर कसकर मैदान में उतर गये हैं। साधु यादव दरअसल तेजस्वी यादव के मामा हैं। वैसे साधु यादव चुनाव मैदान में नही उतरे हैं, लेकिन अपने भांजे को सबक सिखाने के लिए कुढ़नी में कैंप कर जदयू उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
कुढ़नी उपचुनाव में महागठबंधन, भाजपा और वीआईपी के बीच सीधा मुकाबला है। इन सबके बीच साधु यादव ने दावा किया है कि कुढ़नी में महागठबंधन को हार का मुंह देखना होगा। साधु यादव ने कहा कि कुढ़नी में महागठबंधन की हार तय है। मुकेश सहनी को वोट काटने के लिए खड़ा किया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजप की बी टीम एआईएमआईएम नहीं बल्कि राजद है, जो भाजपा को जीत दिला रही है। साधु यादव ने कहा कि वे राजद को पैदा करने वाले हैं और उन्होंने ही उसे सींचा है। इस दौरान उन्होंने गोपालगंज में राजद की हार को लेकर तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि असल में राजद ही भाजपा की ’बी’ टीम है, जो भाजपा को जीताने का काम कर रही है।
साधु यादव ने गोपालगंज में राजद की हार के लिए सीधे तौर पर तेजस्वी यादव को जिम्मेवार बताया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव दावा कर रहे हैं कि गोपालगंज में साधु यादव के कारण हार का मुंह देखना पड़ा, जो सरासर गलत बात है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव भाजपा को हराने के लिए गोपालगंज गए थे। लेकिन भाजपा का वोट काटने के बजाए वे अपने मामा का ही वोट काटने लगे।
साधु यादव ने कहा कि कुढ़नी राजद की सीट थी, बावजूद इसके तेजस्वी ने वहां पीठ दिखा दिया। हार के डर से तेजस्वी यादव पीठ दिखाकर भाग गए। उन्होंने कहा कि जब तेजस्वी यादव ने कुढ़नी में पहले ही अपनी हाल मान ली और अपनी सीट जदयू को दे दिया तब यह कैसे सोंच रहे हैं कि वहां महागठबंधन की जीत होगा।