बिहार: भाजपा-जदयू के बीच छिड़ी जुबानी जंग को लेकर आरजेडी ने की सरकार गिरने की भविष्यवाणी
By एस पी सिन्हा | Published: January 16, 2022 06:16 PM2022-01-16T18:16:56+5:302022-01-16T18:17:31+5:30
सूबे में हाल यह है कि राज्य और केंद्र की सरकार में शामिल दो प्रमुख दलों भाजपा और जदयू के नेता एक-दूसरे पर तीखे शब्दबाण छोड़ रहे हैं। शराबबंदी पर दोनों दलों के स्टैंड में फर्क अब साफ नजर आने लगा है।
पटना: सम्राट अशोक की तुलना औरंगजेब से करने पर जदयू और भाजपा के बीच शुरू हुआ विवाद अब शराबबंदी पर आकर अटक गई है। सत्तारूढ गठबंधन में बड़े दल यानी भाजपा ने छोटे दल (जदयू) व सरकार के मुखिया नीतीश कुमार को पानी-पानी कर दिया है। शराबबंदी को लेकर भाजपा इस बार सीधे-सीधे जदयू व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से दो-दो हाथ करने को तैयार दिखने लगी है।
सूबे में हाल यह है कि राज्य और केंद्र की सरकार में शामिल दो प्रमुख दलों भाजपा और जदयू के नेता एक-दूसरे पर तीखे शब्दबाण छोड़ रहे हैं। शराबबंदी पर दोनों दलों के स्टैंड में फर्क अब साफ नजर आने लगा है। इसके बाद बिहार में नई राजनीतिक खिचड़ी पकने की भी बात कही जाने लगी है। इस बीच लालू यादव की पार्टी राजद ने यह दावा किया है कि बिहार की सरकार जल्द ही जाने वाली है।
राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि भाजपा और जदयू में अब शराबबंदी पर भी घमासान मच गया है। खरमास खत्म हुआ नहीं कि खेल शुरू हो गया। जदयू और भाजपा के प्रवक्ता एक-दूसरे के नेताओं को अपमानित कर रहे हैं। रगड़ा-झगड़ा बता रहा कि बिहार की सरकार जाने वाली है। यह महीना भारी पडेगा। शराबबंदी सफल करने की जिम्मेदारी जिनके पास है, वे सत्ता के नशे में चूर होकर आपस में लड़ रहे हैं। ऐसे में सारी बीमारियों की एक ही दवाई है, सरकार की विदाई है।
नालंदा में जहरीली शराब पीने से मौत के मामले में राजद ने जदयू के साथ-साथ भाजपा को भी जिम्मेदार ठहराया है। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन एवं मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि एक व्यक्ति की जिद की वजह से बेवा होने वाली औरतें और अनाथ बच्चों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार में शामिल दोनों बड़े दल समान रूप से जिम्मेदार हैं।
राजद नेताओं ने कहा कि शराबबंदी पर सरकार के दोहरे मापदंड और अदूरदर्शी नीतियों के कारण ही अबतक इतनी बड़ी संख्या में लोग मर रहे हैं। मरने वालों में अधिकतर अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे।