एक्सक्लूसिव इंटरव्यू: तेजस्वी यादव ने चेताया-जो भी नेता पार्टी के खिलाफ जाएगा, कार्रवाई होगी
By एस पी सिन्हा | Published: April 17, 2019 09:16 AM2019-04-17T09:16:18+5:302019-04-17T09:16:18+5:30
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने साफ किया है कि जो भी नेता पार्टी के निर्णय के खिलाफ जाएगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि महागठबंधन राज्य के सभी 40 सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने साफ किया कि लालू प्रसाद की पार्टी राजद में विरोधियों के लिए कोई जगह नहीं है। बिहार में महागठबंधन की चुनावी कमान संभाल रहे तेजस्वी यादव ने लोकमत से विशेष बातचीत की।
पढ़ें इंटरव्यू के चुनिंदा अंश
प्रश्न: महागठबंधन की अंदरुनी कलह सामने आने लगी है, कई लोग बागी के तौर पर मैदान में है। कई जगह फ्रेंडली फाइट की स्थिति है, आपको क्या लगता है?
उत्तर: कोई दिक्कत नहीं है। महागठबंधन के घटक दल कांग्रेस, वीआईपी और हम के कार्यकर्ताओं में नीचे तक स्पष्ट संदेश है। कहीं कोई फ्रेंडली फाइट नहीं है। लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है और फैसले लेने का भी। हम इस व्यवस्था में किसी को बांधकर नहीं रख सकते, लेकिन पार्टी के खिलाफ कोई भी लड़ा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। स्थितियां महागठबंधन के अनुकूल हैं।
प्रश्न: कितनी सीटों पर जीत की उम्मीद है
उत्तर: हम सभी 40 सीटों पर हैं, हमें 20-20 करके अलग मत देखिए। बराबर-बराबर वो लोग कर रहे थे, जनता उनको बराबर कर देगी। यह सवाल आप पलटू चाचा (नीतीश कुमार) से पूछें कि वो सीट जीतने के बाद राजग में रहेंगे या वहां से पलटी मारेंगे। उपचुनाव जैसे मौके पर हमने नॉन ट्रेडिशनल सीटें भी जीती हैं।
प्रश्न: आप अकेले चुनाव प्रचार कर रहे हैं, क्या लालू की कमी खल रही है?
उत्तर: उनकी कमी को ज्यादा खलती है। लेकिन जनता साथ है और उनको जेल भेजे जाने से लोगों में आक्रोश है, अन्याय हो रहा है। जनता को पता है कि उन्हें बेवजह प्रताड़ित किया जा रहा है। जहां तक जिम्मेदारी की बात है तो और भी वरिष्ठ नेता है। सभी सामूहिक जिम्मेदारी के साथ इसे पूरा कर रहे हैं।
प्रश्न: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आरोप लगाया है कि लालू यादव जेल से पार्टी संभाल रहे हैं, आपका क्या कहना है?
उत्तर: नीतीश जी का बयान काफी अनमैच्योर है। मैं कहना चाहता हूं कि नीतीश कुमार पर अनंत सिंह ने आरोप लगाया था कि उनसे जेल से बात होती थी। अब बताइये एक राज्य का मुख्यमंत्री जेल में बंद लोगों से कैसे बात कर रहा है। अनंत सिंह के बयान पर नीतीश जी का कोई खंडन भी नहीं आया। नीतीश जी इस तरह का बयान देकर निगेटिव पॉलिटिक्स कर रहे हैं।
प्रश्न : तेज प्रताप काफी नाराज हैं, क्या कारण हैं?
उत्तर : कहीं कोई विवाद नहीं है, इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझता।