राहुल गांधी ने कहा, 'जवाहरलाल नेहरू ने हमारे लोकत्रंत को जितना मजबूत किया, केंद्र सरकार उसी पर बुलडोजर चला रही है'
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: May 27, 2022 08:28 PM2022-05-27T20:28:44+5:302022-05-27T20:40:23+5:30
राहुल गांधी ने जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर याद करते हुए कहा कि नेहरू जी ने इस देश के लोकतंत्र को जितना मजबूत बनाने में योगदान दिया, मौजूदा सरकार उसे उतना ही खोखला कर रही है।
दिल्ली: भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर याद करते हुए शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें महान देश निर्माता बताया।
राहुल गांधी ने जवाहर लाल नेहरू को याद करते हुए कहा कि नेहरू जी ने इस देश के लोकतंत्र को जितना मजबूत बनाने में योगदान दिया, मौजूदा सरकार उसे उतना ही खोखला कर रही है।
नेहरू को संस्था-निर्माता की संज्ञा देते हुए कहा कि उन्होंने हमारे लोकतांत्रिक ढांचे को जिस तरह से खड़ा किया है, केंद्र की भाजपा उस पर बुलडोजर चलाकर खत्म करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि जितना उन्होंने (नेहरू) ने इस देश को मजबूत किया, उसे फिर से उसी मजबूती की जरूरत है। गांधी-नेहरू की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज देश के ऐसे ही मजबूत जोड़ी की जरूरत है। इस मौके पर राहुल गांधी ने कांग्रेस गांधी जयंती के मौके पर कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक 'भारत जोड़ो' यात्रा करने जा रही है।
नेहरू द्वारा भारत निर्माण को पुरजोर तरीके से रखते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट करके कहा, "आईआईटी, आईआईएम, एलआईसी, आईटीआई, भेल, एनआईडी, बीएआरसी, एम्स, इसरो, सेल, ओएनजीसी, डीआरडीओ जैसी कई संस्थाओं के नेहरू जी निर्माता थे, जिन्होंने हमारी लोकतांत्रिक जड़ों को मजबूत किया। 8 वर्षों में भाजपा ने संस्थानों को बुलडोजर करके लोकतंत्र को कमजोर किया है। भारत को अब पहले से कहीं ज्यादा भारत जोड़ों की जरूरत है।”
इसके साथ ही एक अन्य ट्वीट में राहुल गांधी ने विश्व नेताओं के साथ नेहरू का एक वीडियो साझा करते हुए बताया है कि वैश्विक पटल पर नेहरू किस कद के नेता थे।
राहुल गांधी ने कहा, "पंडित जवाहरलाल नेहरू के निधन के 58 साल बाद भी उनके विचार, राजनीति और हमारे राष्ट्र के लिए उनका दृष्टिकोण हमारे लिए आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना की पहले थे। भारत के इस अमर सपूत के मूल्य हमेशा हमारे कार्यों और विवेक का मार्गदर्शन करते हैं।" (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)