मां सोनिया गांधी के साथ गोवा में हॉलिडे ट्रिप पर राहुल गांधी, बिना सिक्यॉरिटी गार्ड के कर रहे हैं एन्जॉय
By पल्लवी कुमारी | Published: January 28, 2019 01:14 PM2019-01-28T13:14:28+5:302019-01-28T13:14:28+5:30
कांग्रेस के प्रवक्ता सुनील कवठनकर ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के दौरे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता गोवा यात्रा के दौरान पार्टी के पदाधिकारियों से नहीं मिलेंगे। ये एक प्राइवेट ट्रिप है।
राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी मां और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ गोवा हॉलीडे मनाने गए हैं। दिल्ली में गणतंत्र दिवस की समारोह में शामिल होने के बाद राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ गोवा पहुंचे थे।
राहुल गांधी ने रविवार को साउथ गोवा के एक रेस्त्रां में लंच करने पहुंचे, सबको हैरान कर दिया। राहुल मां सोनिया गांधी के साथ यहां के तीन दिन के प्राइवेट ट्रिप पर हैं। इस दौरान वह काफी हल्के-फुल्के मूड में नजर आए। ये रेस्त्रां सी फूड के लिए जाना जाता है।
राहुल गांधी यहां लंच करने ब्लू टी-शर्ट में आए थे। सोशल मीडिया पर इनकी एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वह किसी महिला के साथ दिख रहे हैं। बता दें कि यह महिला गोवा की फेमस डेंटिस्ट रचना फर्नांडिस हैं। रचना फर्नांडिस भी रविवार को अपने परिवार के साथ यहां लंच करने आईं थी। रचना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर राहुल के साथ ली गई सेल्फी शेयर की है।
रचना ने न्यूज एजेंसी IANS को बताया कि राहुल यहां अपनी मां के साथ बिना किसी सिक्यॉरिटी गार्ड के लंच करने आए थे। उन्होंने राहुल और सोनिया की तारीफ करते हुए कहा, इस रेस्त्रां में मां-बेटे ने बिना किसी तामझाम के लंच किया। रचना ने बताया कि तस्वीर खिंचवाने के लिए भी राहुल ने एक बार भी ना नहीं किया।
खबरों के मुताबिक, सोनिया गांधी और राहुल गांधी का ये एक प्राइवेट ट्रिप है। ये दोनों गोवा के एक फाइव स्टार होटल में ठहरे हैं। बता दें कि कांग्रेस के प्रवक्ता सुनील कवठनकर ने इन दोनों के दौरे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता गोवा यात्रा के दौरान पार्टी के पदाधिकारियों से नहीं मिलेंगे।