पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिद्धू के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे बिक्रम सिंह मजीठिया, जानें प्रकाश सिंह बादल कहां से लड़ेंगे
By सतीश कुमार सिंह | Published: January 26, 2022 08:25 PM2022-01-26T20:25:13+5:302022-01-26T20:28:07+5:30
Punjab Election 2022: अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि बिक्रम सिंह मजीठिया विधानसभा चुनाव में पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के अहंकार को मिटा देंगे। मजीठिया बादल के साला हैं।
चंडीगढ़ः शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया अमृतसर पूर्व से पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ लड़ेंगे। पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने घोषणा की। कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और सिद्धू को क्रमश: चमकौर साहिब और अमृतसर पूर्व से उम्मीदवार बनाया था।
ड्रग्स केस को लेकर अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया और नवजोत सिद्धू आमने-सामने है। सिद्धू ने कई बार कहा है कि मजीठिया ड्रग्स मामले से जुड़े हैं। दिसंबर में 46 वर्षीय मजीठिया पर ड्रग्स मामले में मामला दर्ज किया गया था और बाद में उन्हें उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिली थी।
सुखबीर बादल ने अपने 94 वर्षीय पिता और राज्य के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल को एक बार फिर लांबी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाने की भी घोषणा की। शिअद प्रमुख ने ये दोनों घोषणाएं अमृतसर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान की।
उन्होंने कहा कि मजीठिया यह सुनिश्चित करेंगे कि सिद्धू की जमानत जब्त हो जाए। उन्हें पहले ही मजीठा सीट से शिअद उम्मीदवार घोषित किया जा चुका था। मजीठिया के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत पिछले माह मुकदमा दर्ज किया गया था। वह इस मामले में अग्रिम जमानत लेने का प्रयास कर रहे हैं।
इन दोनों सीट से उम्मीदवारों की घोषणा के साथ शिअद ने अपने हिस्से की सभी 97 सीट पर उम्मीदवार घोषित कर दिये हैं। पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं। शिअद ने 117 सीट के लिए होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के साथ चुनाव-पूर्व गठबंधन किया है। समझौते के तहत बसपा शेष 20 सीट से चुनाव लड़ेगी।