भगवंत मान होंगे आम आदमी पार्टी के पंजाब में मुख्यमंत्री उम्मीदवार, अरविंद केजरीवाल ने किया ऐलान
By विनीत कुमार | Published: January 18, 2022 12:23 PM2022-01-18T12:23:53+5:302022-01-18T13:24:42+5:30
आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को पंजाब में अपने मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान कर दिया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जनता के वोट के आधार पर पार्टी ने सीएम उम्मीदवार चुना है।
अमृतसर: आम आदमी पार्टी (आप) ने भगवंत मान को पंजाब में अपना सीएम उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया है। पार्टी की ओर से मंगलवार को ये घोषणा की गई। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों के वोट के आधार पर ये फैसला किया गया है। पिछले ही हफ्ते पार्टी ने एक फोन नंबर जारी कर सीएम उम्मीदवार को लेकर पसंद बताने को कहा था।
अरविंद केजरीवाल ने पत्रकारों से कहा कि फोन और वाटसेप के जरिए भगवंत मान को 93 प्रतिशत से अधिक वोट मिले। कुछ वोट केजरीवाल के नाम पर भी आए जिसे अमान्य घोषित किया गया। वहीं करीब तीन प्रतिशत वोट पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के नाम पर भी आए।
भगवंत मान अभी पंजाब के संगरूर से 'आप' के लोकसभा सांसद हैं। उन्हें पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री चेहरा बनाए जाने की अटकलें पहले से ही लगाई जा रही थी। हालांकि, पिछले हफ्ते लोगों का मत जानने की बात कहते हुए पार्टी की ओर से फोन नंबर जारी किए जाने के बाद नया ट्विस्ट आता नजर आ रहा था।
#WATCH | Delhi CM & Aam Aadmi Party's national convenor Arvind Kejriwal announces party's chief ministerial candidate for the upcoming Punjab Assembly elections pic.twitter.com/cBEsKHAhEu
— ANI (@ANI) January 18, 2022
भगवंत मान मेरा छोटा भाई है: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान के नाम की घोषणा करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में दूसरी पार्टियों पर भी निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि दूसरी पार्टियां अपने घर के आदमी या बेटे-बहू को सीएम चेहरा बना देती थी लेकिन 'आप' ने ऐसा नहीं किया। केजरीवाल ने साथ ही कहा कि भगवंत मान उनके छोटे भाई जैसे हैं और अगर उन्होंने सीधे उनका नाम लिया होता तो भाई-भतीजावाद जैसे आरोप लगते। इसलिए पार्टी ने जनता से वोट कराने का फैसला किया।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते AAP ने फोन नंबर जारी कर 17 नवंबर शाम 5 बजे तक मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अपनी पसंद लोगों से बताने को कहा था। पार्टी की ओर से बताया गया कि 21 लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी राय भेजी।
पंजाब में विधानसभा चुनाव 20 फरवरी को होना है। इससे पहले चुनाव 14 फरवरी को होने थे लेकिन संत रविदास जयंती की वजह से पार्टियों ने तारीख बढ़ाने का ऐलान किया था। इसके बाद इसे 20 फरवरी किया गया। पंजाब में 117 विधानसभा सीटें हैं। 'आप' ने अभी तक 12 उम्मीदवारों का ऐलान किया है।