राष्ट्रपति चुनाव: कर्नाटक भाजपा ने विधायकों को भेजा होटल, द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान से पहले वहीं रहने का दिया आदेश
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: July 17, 2022 07:59 PM2022-07-17T19:59:40+5:302022-07-17T20:07:49+5:30
कर्नाटक भाजपा ने अपने सभी विधायकों को राष्ट्रपति चुनाव में होने वाली वोटिंग के लिए रवाना से पहले तक होटल में रहने को कहा है।
बेंगलुरु: देश के 15वें राष्ट्रपति चुनाव के लिए पक्ष-विपक्ष के बीच सियासी खेल शुरू हो गया है। सत्ता पक्ष एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू की जीत सुनिश्चित करने के विधायकों को एकजुट रखने के लिए कई तरह की कवायद कर रहा है। जानकारी के मुताबिक सोमवार यानी 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले कर्नाटक भाजपा ने एक बड़ा फैसला लेते हुए अपने सभी विधायकों को शनिवार की शाम बेंगलुरु के एक निजी होटल में शिफ्ट कर दिया है।
बताया जा रहा है कि राज्य भाजपा ने सभी विधायकों को राष्ट्रपति चुनाव में होने वाली वोटिंग के लिए रवाना से पहले होटल में रहने को कहा है। इस मामले में जानकारी देते हुए राज्य भाजपा के मुख्य सचेतक एम सतीश रेड्डी ने सभी विधायकों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किया है।
रेड्डी के मुताबिक राज्य भाजपा ने यह निर्णय पार्टी के आलाकमान से मिले दिशा-निर्देशों के बाद लिया है। इस फैसले के संबंध में कर्नाटक भाजपा के एक विधायक ने कहा कि पार्टी हाईकमान सभी विधायकों को होटल में भेजकर सभी को यह संदेश देना चाहता है कि पार्टी द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी को लेकर बहुत गंभीर है।
जानकारी के अनुसार कल की वोटिंग से पहले राज्य भाजपा इकाई ने रविवार को होटल में विधायकों के लिए मॉक वोटिंग ड्रिल का भी आयोजन किया। खबरों के मुताबिक इस कार्य के लिए दिल्ली से तीन लोगों को टीम आयी है, जिसने पार्टी विधायकों को वोटिंग के लिए ट्रेनिंग दी।
मालूम हो कि सोमवार को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में देशभर के करीब 4,800 निर्वाचित सांसद और विधायक मतदान करेंगे। इस चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू की दावेदारी विपक्षी प्रत्याशी यशवंत सिन्हा की तुलना में काफी मजबूत है क्योंकि आकड़ों के मुताबिक मुर्मू के पक्ष में 60 फीसदी से अधिक मत पड़ने की संभावना है।
18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना संपन्न होने के बाद 21 जुलाई को मतगणना होगी और देश के 15 राष्ट्रपति आगामी 25 जुलाई को संविधान के प्रति पद और गोपनियता की शपथ लेंगे।
एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में बीजू जनता दल (बीजद), वाईएसआर कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक), जनता दल (सेक्लुयर), तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), शिरोमणि अकाली दल (शिअद), शिवसेना और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जैसे क्षेत्रीय दल वोट दे सकते हैं। अगर द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत लेती हैं तो देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहुंचने वाली वह पहली आदिवासी महिला बन जाएंगी। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)