पप्पू यादव ने पीएम मोदी के हिमाचल सभा का वीडियो साझा करके हुए कहा, 'मोदी जी, खाली कुर्सियां बता रही हैं कि बेड़ा गर्क होना तय है'
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: September 24, 2022 09:55 PM2022-09-24T21:55:39+5:302022-09-24T22:00:17+5:30
जाप प्रमुख पप्पू यादव ने ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हिमाचल जनसभा का एक कथित वीडियो शेयर किया है, जिसमें केवल खाली कुर्सियां ही नजर आ रही हैं। इस वीडियो के साथ यादव ने पीएम मोदी पर जबरदस्त हमला बोला है।
पटना: बिहार में जन अधिकार पार्टी (जाप) के प्रमुख और 5 बार के लोकसभा सांसद रहे पप्पू यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली के जबरदस्त आलोचना के लिए जाने जाते हैं। पप्पू यादव बीते दो दिनों से ट्विटर पर भाजपा की केंद्रीय सत्ता के खिलाफ लगातार हमलावर रूख अख्तियार किये हुए हैं क्योंकि भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस समय सीमांचल के दो दिवसीय दौरे पर हैं।
छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की निर्विरोध राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन के पति पप्पू यादव ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हिमाचल प्रदेश में हुई रैली पर निशाना साधा है। पप्पू यादव ने ट्विटर पर पीएम मोदी की हिमाचल जनसभा का एक कथित वीडियो शेयर किया है, जिसमें केवल खाली कुर्सियां ही नजर आ रही हैं। वीडियो को साझा करते हुए पप्पू यादव ने कैप्शन में लिखा है, "मोदी जी, आपकी रैली की ख़ाली कुर्सियां बता रही है कि हिमाचल में भाजपा का बेड़ा गर्क होना तय है।"
मोदी जी
— Pappu Yadav (@pappuyadavjapl) September 24, 2022
आपकी रैली की ख़ाली कुर्सियां बता रही है
हिमाचल में भाजपा का बेड़ा गर्क होना तय है#HimachalSePhirDhokhapic.twitter.com/BshoYj0XF3
इससे पहले आज सुबह में पप्पू यादव ने एक अन्य ट्विट किया, जिसमें उन्होंने भाजपा सांसद गिरिराज सिंह पर चुटकी लेते हुए गृहमंत्री अमित शाह को घेरने का प्रयास किया। पप्पू यादव ने ट्वीट में लिखा, "अमित शाह जी गिरिराज सिंह क्या बांग्लादेशी हैं? जो आपने उन्हें अपने मंच पर घुसपैठ करने से रोक दिया! क्या उनका NRC हो गया है? लेकिन CAA के ज़रिए उन्हें भारतीय तो बनाया जा सकता है!"
अमित शाह जी
— Pappu Yadav (@pappuyadavjapl) September 24, 2022
गिरिराज सिंह क्या बांग्लादेशी हैं? जो आपने
उन्हें अपने मंच पर घुसपैठ करने से रोक दिया!
क्या उनका NRC हो गया है? लेकिन CAA के
ज़रिए उन्हें भारतीय तो बनाया जा सकता है!
मालूम हो कि बीते रविवार को जाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुशील मोदी पर कड़ा हमला करते हुए उन्हें ठिकाना बदलने की सलाह तक दे दी थी। पप्पू यादव ने सुशील मोदी की खिंचाई करते हुए ट्वीट किया था और कहा था, "सुशील मोदी जी, बिहार में भाजपा के जमानतदार थे नीतीश कुमार। अब नीतीश जी के अलग होने के बाद बीजेपी को जमानत के लाले पड़ जाएंगे। छोटे मोदी जी अपना ठौर ढूंढ लीजिए।"
पप्पू यादव ने इस ट्वीट से सुशील मोदी के उस वक्त घेरा था, जब सुशील मोदी ने नीतीश कुमार को चुनौती देते हुए कहा है कि वह यूपी में फूलपुर या कहीं से भी लोकसभा चुनाव लड़ें, बीजेपी उनकी जमानत जब्त कराएगी।